हाथरस : प्रधानमंत्री सुरिक्षत मातृत्व सप्ताह पर प्रधानमंत्री वंदना योजना के रजिस्ट्रेशन पत्र द?
- फोटो : SHAPHU
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत समस्त चिकित्सा इकाइयों पर गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की गई। हीमोग्लोबिन, बीपी, गर्भवती महिलाओं की लंबाई, वजन, शरीर का तापमान आदि की जांच की गई। चिकित्सकों ने महिलाओं को सुरक्षित प्रसव के लिए सलाह दी।
इस दौरान प्रथम बार गर्भ धारण करने वाली महिलाओं को चिन्हित कर उन्हें प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ दिलाने के लिए आशाओं ने फॉर्म भरवाए। ताकि पांच हजार रुपये की सहायता राशि तीन किस्तों के रूप में मिल सकें। प्रथम किस्त गर्भ धारण करने के 150 दिन के भीतर योजना का फार्म भरने व पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन होने के बाद एक हजार रुपये एवं दूसरी किस्त गर्भवती महिला को अपनी प्रसव पूर्व जांच हो जाने पर दो हजार रुपये और तीसरी किस्त प्रसव के बाद साढ़े तीन माह तक के सभी टीके बच्चे को लग जाने के बाद दो हजार रुपये दिए जाते हैं।
परिवार नियोजन के साधनों की भी जानकारी दी गई। कैंप में आई गर्भवती महिलाओं को फल आदि भी वितरित किए गए। एसीएमओ डॉ. मधुर कुमार और जिला कार्यक्रम समन्वयक अवनेंद्र कुमार राठौर ने महो सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का जायजा लिया। एसीएमओ डॉ. संतोष कुमार ने अर्बन पीएचसी मधुगढ़ी का निरीक्षण किया। जनपद में परिवार नियोजन को बढ़ावा देने के लिए शुक्रवार को विशेष अंतरा दिवस मनाया गया। इसका आयोजन समस्त सामुदायिक, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर हुआ। करीब 180 महिलाओं ने गर्भनिरोधक इंजेक्शन अंतरा (तिमाही) का लाभ लिया।