संवाद न्यूज एजेंसी, सासनी।
विजयगढ़ रोड स्थित बालाजी धाम व कृष्णा नगर कॉलोनी के बाशिंदों ने बुधवार को तहसील में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) राजकुमार यादव को प्रार्थना पत्र देकर कॉलोनी में लगे भूसे के ढेरों से फैल रहे प्रदूषण से मुक्ति दिलाने की मांग की। कॉलोनी के बाशिंदों ने पूर्व में भी उच्चाधिकारियों को शिकायत पत्र देकर और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर समस्या के निराकरण की मांग की थी, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
शिकायत में इन लोगों ने कहा है कि कॉलोनी के सामने भूसे की टाल है। इसमें बडे़ पैमाने पर भूसे का कारोबार खुलेआम होता है। तेज हवाएं एवं आंधी चलने पर भूसा उड़कर कॉलोनी के घरों तक पहुंचता है। इससे उड़ने वाली धूल से बच्चों व बृदों को एलर्जी, श्वांस और दमा जैसी गंभीर बीमारी होने की आशंका रहती है।
छोटे बच्चों का भविष्य सुरक्षित करने के लिए कॉलोनी के वाशिंदों को प्रदूषण से मुक्ति दिलाना आवश्यक है। अगर इस धंधे पर अंकुश नहीं लगाया गया तो कॉलोनी के सभी निवासी तहसील परिसर में एसडीएम कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
शिकायत करने वालों में महेंद्र सिंह सोलंकी, अजीत सिंह, सुवेश सिंह तोमर, बौबी प्रधान, वेदप्रकाश शर्मा, सतीश सिंह सेंगर, विशंभर सिंह, देवेंद्र कुमार, अभिषेक सिंह तोमर, दिनेश सिंह, राजेश पाठक, विदेश कुमार आदि शामिल थे।