न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले के बिजली उपभोक्ताओं को इस महीने बिजली के बिल देरी से मिलेंगे। वजह है, एचसीएल के बिलिंग सॉफ्टवेयर में दिक्कत आना। इस कारण बिलिंग का काम प्रभावित हो रहा है। उपभोक्ताओं तक समय से बिल नहीं पहुंचने का असर विभागीय राजस्व पर भी पड़ सकता है। इधर, उपभोक्ता भी बिजली के बिल आने का इंतजार कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि 64 बिजलीघरों के जरिये करीब सवा दो लाख उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की जाती है। इन लोगों को बिल पहुंचाने के लिए करीब चार दर्जन कर्मचारी तैनात हैं। हर माह पांच से लेकर 28 तारीख तक बिलिंग का काम होता है। इस माह बिलिंग शुरू तो हुई है, लेकिन सॉफ्टवेयर में दिक्क्त आने के कारण इस माह लोगों को पूरी तरह से बिल नहीं पहुंच पा रहे हैं।
लोग बिल आने का इंतजार कर रहे हैं। बिलिंग सुपरवाइजर प्रशांत सारस्वत का कहना है कि एचसीएल के सॉफ्टवेयर में दिक्कत के चलते बिलिंग का काम प्रभावित है। एक मीटर रीडर एक दिन में 100 से 150 बिल बनाते हैं।