हाथरस: बागला कॉलेज रोड पर लगे जाम में फंसे वाहन।
- फोटो : HATHRAS
पूरे दिन शहर में लोगों ने झेला जाम का झाम
तालाब चौराहा पर ओवरब्रिज निर्माण के चलते लगाई गई बेरिकेडिंग
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। शहर के तालाब चौराहा पर ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य तेज हो गया है। तालाब चौराहा रेलवे क्रासिंग पर अलीगढ़ रोड की साइड पर बेस बनाने का काम चल रहा है। इस कारण तालाब रेलवे क्रासिंग को बेरिकेडिंग लगाकर बंद कर दिया गया। ऐसी स्थिति में जब ट्रैफिक शहर के बागला मार्ग, इगलास अड्डा, बिजली कॉटन मिल चौराहे से निकाला गया तो पूरे दिन लोगों ने जाम का झाम झेला। वाहनोें की कतारें लगी रही।
शहर वासियों को जाम के झाम से राहत दिलाने के लिए तालाब चौराहा पर सेतु निगम व रेलवे द्वारा ओवर ब्रिज निर्माण किया जा रहा है। सेतु निगम ने काफी हद तक निर्माण कार्य पूरा कर दिया है। शुक्रवार से रेलवे द्वारा निर्माण को तेज कर दिया गया है। अलीगढ़ रोड साइड पर खुदाई कर बेस बनाने का काम शुरू हो गया। इस कारण तालाब चौराहा रेलवे क्रसिंग को पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
तालाब रेलवे क्रासिंग बंद होने से बागला मार्ग, बिजली कॉटन मिल, इगलास अड्डा रेलवे क्रासिंग पर सुबह से शाम तक वाहनों की कतार लगी रही। वहीं ट्रेनों के आवागमन के दौरान फाटक बंद होने के कारण लोगों को काफी देर तक गंतव्य की दूरी तय करने में लोगों को दिक्कतों से जूझना पड़ा। जाम के झाम से बचने के लिए लोगों ने शहर गलियों का सहारा लिया। वहीं शहर के मुख्य बाजारों में जाम के हालत रहे। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस भी खासी मशक्कत करती दिखी।