न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले के पंचायत सहायकों को अब ग्राम पंचायत सचिवालयों में लगे कंप्यूटर सिस्टम के जरिये ही अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। इसे लेकर शासन ने निर्देश जारी कर दिए हैं। शासन ने स्पष्ट किया है कि सिस्टम से हाजिरी न लगने की स्थिति में पंचायत सहायक को गैरहाजिर माना जाएगा।
उल्लेखनीय है कि ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन की सुविधा देने के साथ इनका प्रचार-प्रसार करने और जानकारी देने के लिए ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायकों की तैनाती की गई है। ग्राम पंचायतों में बने पंचायत भवनों को मिनी सचिवालय के रूप में परिवर्तित कर अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है, जिससे ग्रामीणों को ऑनलाइन सुविधाओं के लिए शहर तक न आना पड़े। इस क्रम में पंचायत सहायकों को ग्राम पंचायत सचिवालय में अनिवार्य उपस्थिति के लिए निर्देश जारी किए गए हैं।
शासन ने कहा है कि सभी पंचायत सहायक ग्राम पंचायत सचिवालयों में लगे कंप्यूटर के माध्यम से पोर्टल के जरिये अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। ऐसा न करने वाले पंचायत सहायकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिला पंचायतराज अधिकारी (डीपीआरओ) सुबोध जोशी ने बताया कि ग्राम पंचायतों में लगे कंप्यूटर सिस्टम के जरिये ही अब पंचायत सहायकों की उपस्थिति लगेगी। इसे लेकर सभी पंचायत सहायकों को निर्देश दे दिए गए हैं। संवाद