हाथरस : नगर पंचायत सभागार में नगर पंचायत सदस्यों के साथ बोर्ड की बैठक में प्रतिभाग करते अधिशासी अ?
- फोटो : SADABAD
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
नगर पंचायत क्षेत्र के लोगों को अब पानी की किल्लत से नहीं जूझना पड़ेगा। प्रगतिपुरम में पांच लाख लीटर की क्षमता के ओवरहेड टैंक का निर्माण कराया जाएगा। इसका निर्णय शनिवार को नगर पंचायत में हुई बोर्ड की बैठक में सदस्यों की सहमति से लिया गया। इसके अलावा बैठक में नगर के विकास की योजना तय की गई। बैठक में सदस्यों ने पानी, बिजली और सड़क की समस्याओं से भी अधिशासी अधिकारी और चेयरमैन को अवगत कराया और इनके समाधान की मांग की।
ईआ लल्लनराम यादव ने बताया कि बैठक में नगर पंचायत सदस्यों की सहमति से नगर के मोहल्ला प्रगतिपुरम में ओवरहैड टैंक का निर्माण किया जाएगा। पांच लाख लीटर की क्षमता वाले इस टैंक से करीब दस हजार की आबादी को लाभ होगा। इस टैंक के जरिये लगभग दो हजार घरों तक पानी पहुंचेगा। नगर के मोहल्ला कृष्णा नगर, रामनगर, प्रगतिपुरम, कश्यप नगर और एसडीएम कोर्ट तक पानी की पाइप लाइन भी डाली जाएगी, जिससे कि घरों तक पानी की आपूर्ति हो सकेगी। प्रगतिपुरम में नलकूप का भी निर्माण होगा। ईओ ने बताया कि मुरसान रोड पर करीब 1.4 किमी लंबा नाले का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे कि पानी निकासी की सुविधा बेहतर हो सकेगी। संवाद
अब मुख्य बाजार में नहीं लगेगा पटरी बाजार
बोर्ड की बैठक में यह निर्णय लिया गया कि कस्बे में हर बुधवार को लगने वाला पटरी बाजार अब मुख्य बाजार में नहीं लगेगा, बल्कि किसी दूसरे स्थान पर लगाया जाएगा। एक हफ्ते में स्थान का चयन कर लिया जाएगा। अतिक्रमण करने वालों और कूड़ा जलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में चेयरमैन रविकांत अग्रवाल ने बताया कि नगर के अधिकतर गली मोहल्लों में सड़कें बन चुकी हैं, जहां नहीं बनी हैं, वहां भी सड़कें बनवाई जाएंगी। नगर के विकास के लिए अन्य कई बेहतर कार्य भी किए जाएंगे। बैठक में नगर पंचायत के कई सदस्य मौजूद रहे। संवाद