हाथरस : मुरसान सीएचसी पर पसरा सन्नाटा।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुरसान (हाथरस)
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पिछले करीब डेढ़ महीने से ओपीडी सेवाएं बंद हैं। प्रशासन द्वारा इस हॉस्पिटल को कोविड एल वन अस्पताल बनाया गया था, लेकिन इस बार यहां कोई कोरोना संक्रमित भर्ती नहीं किया गया है। इस अस्पताल में कम ऑक्सीजन स्तर वाले मरीजों को कुछ दिन के लिए भर्ती किया गया था। ऐसे में अब लोगों ने मांग की है कि इस सीएचसी की ओपीडी सेवाएं फिर से शुरू की जाएं।
मुरसान क्षेत्र के कोरोना संक्रमित लोगों को जिला अस्पताल व अन्य जगहों पर भर्ती किया गया था। मुरसान के इस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से कई दिन पहले ही कम ऑक्सीजन स्तर वाले मरीज डिस्चार्ज होकर चले गए। शासन के आदेश के बाद जिले में कई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में ओपीडी शुरू कर दी गईं हैं, लेकिन मुरसान के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर अभी तक ओपीडी सेवाएं शुरू नहीं की गई हैं, जिससे क्षेत्र के मरीजों को प्राइवेट चिकित्सकों के पास जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
सीएचसी परिसर से अलग चिकित्सकों के लिए बने हुए एक आवास में कोविड वैक्सीन लगाई जा रही हैं। यहां ओपीडी सेवा व अन्य सेवाएं शुरू न होने के कारण क्षेत्र के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सरकारी सुविधा पाने के लिए लोग काफी दूर स्थित अन्य सरकारी अस्पतालों में जाने के लिए मजबूर हैं। क्षेत्र के लोगों ने मांग की है कि मुरसान के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जल्द से जल्द ओपीडी सेवाएं शुरू करा दी जाएं, जिससे क्षेत्र के लोगों को सरकारी सुविधाओं का काफी लाभ मिल सके।