संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
बहुचर्चित बिटिया प्रकरण में शनिवार को चारों आरोपियों की न्यायालय में ऑनलाइन पेशी हुई। कोर्ट ने इस मामले में जेएन मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ के मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) व सफदरजंग अस्पताल नई दिल्ली की रिकॉर्ड कीपर को तलब किया है।
अब इस मामले में 24 फरवरी को अगली सुनवाई होगी। उल्लेखनीय है कि 14 सितंबर 2020 को चंदपा क्षेत्र के एक गांव में अनुसूचित जाति की एक युवती के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या का प्रयास किया गया था।
कुछ दिन बाद सफदरजंग अस्पताल नई दिल्ली में उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने इस युवती की मौत से पहले ही चारों आरोपियों संदीप, रवि, रामू व लवकुश को गिरफ्तार कर लिया था। यह चारों अभी तक अलीगढ़ जेल में ही निरुद्ध हैं।
मामले की जांच सीबीआई ने की थी और चारों आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में आरोपपत्र दाखिल किया था। यह मामला अभी तक सुर्खियों में है और इस मामले को लेकर प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष हमलावर रहा था।
शनिवार को इस प्रकरण में विशेष न्यायाधीश (एससी-एसटी कोर्ट) के न्यायालय में सुनवाई हुई। चारों आरोपियों की ऑनलाइन पेशी हुई। कोर्ट में आरोपी पक्ष के अधिवक्ता ने बिटिया की मां को गवाही के लिए फिर से बुलाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया।
इस प्रार्थना पत्र पर बहस हुई। सीबीआई के वकील अनुराग मोदी व बिटिया पक्ष की ओर से महीपाल सिंह निमहोत्रा भी मौजूद थे। आरोपियों की ओर से मुन्ना सिंह पुंढीर एडवोकेट ने बहस की।
कोर्ट ने अगली सुनवाई पर जेएन मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ के सीएमओ के अलावा सफदरजंग अस्पताल की रिकॉर्ड कीपर सत्यवीरी देवी को तलब किया है। अगली सुनवाई के लिए 24 फरवरी की तिथि नियत की है।