न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना या मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान का लाभ जिन लोगों को नहीं मिल पाया है, उन्हें जल्द ही आयुष्मान कार्ड देने के लिए सरकार ने पूरी तैयारी कर ली है। इसके लिए 11 अक्तूबर को पूरे प्रदेश में ‘आयुष्मान अंत्योदय के द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री 11 अक्तूबर को राज्य मुख्यालय पर लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड देकर कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। इसका हर जिले में सजीव प्रसारण किया जाएगा। इसके साथ ही जिले व ब्लॉक स्तर पर जनप्रतिनिधियों के माध्यम से 100 से 125 अंत्योदय योजना के लाभार्थियों को मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के तहत आयुष्मान कार्ड सौंपा जाएगा।
अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने सूबे के सभी जिलाधिकारी व मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को पत्र भेजकर 11 अक्तूबर को आयुष्मान अंत्योदय के द्वार कार्यक्रम के सफल आयोजन के निर्देश दिए हैं। सरकार के इस बड़े फैसले के बाद अंत्योदय लाभार्थियों का डेटा मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के डेटा बेस से इंटीग्रेट किया जा चुका है।
इस तरह 11 अक्तूबर को आयुष्मान अंत्योदय के द्वार कार्यक्रम के जरिये एक ही दिन में करीब एक लाख अंत्योदय लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड देने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके साथ ही खाद्य एवं रसद विभाग व पंचायतराज विभाग के सहयोग से अधिक से अधिक अंत्योदय लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने को कहा गया है। अपर मुख्य सचिव का कहना है कि अंत्योदय लाभार्थियों का ग्रामवार और वार्डवार आधार सीडेड डेटा बेस पहले से मौजूद है, इसलिए लाभार्थियों को चिन्हित करना और जल्दी से जल्दी आयुष्मान कार्ड बनाना आसान है ।
ज्ञात हो कि देश की सबसे महत्वाकांक्षी योजनाओं में शामिल इस योजना की शुरुआत 23 सितंबर 2018 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रांची (झारखंड) से की थी। योजना का प्रमुख उद्देश्य कमजोर वर्ग को मुफ्त इलाज की सुविधा मुहैया कराना था, ताकि उनको यह अहसास न हो कि पैसे के अभाव में वह बेहतर इलाज से वंचित हैं। वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर तैयार की गई सूची का दायरा बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के तहत करीब 8.43 लाख परिवारों को योजना का लाभ दिया जा रहा था।
एक बार फिर से इसका दायरा बढ़ाते हुए अब करीब 40 लाख अंत्योदय कार्ड धारक परिवारों एवं 11.65 लाख पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को भी योजना की पात्रता सूची में शामिल कर लिया गया है। मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के तहत प्रति परिवार प्रति वर्ष पांच लाख रुपये तक का मुफ्त चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सकेगा। इस तरह प्रदेश की अधिक से अधिक आबादी को इस योजना के तहत लाभान्वित करने का काम तेजी से चल रहा है, ताकि उनकी गाढ़ी कमाई इलाज पर न खर्च होने पाए।
जिले में अंत्योदय राशन कार्ड धारक परिवार 16,849 हैं। इनमें 49,419 लाभार्थी हैं। इन्हें योजना के अंतर्गत शामिल किया गया हैं। सोमवार को जिले में एक हजार आयुष्मान कार्ड बांटे जाएंगे।
- डॉ. प्रभात सिंह, डीपीसी आयुष्मान भारत, हाथरस