न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
आंगनबाड़ी केंद्रों के निरीक्षण के दौरान गैरहाजिर पाए जाने पर 14 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का एक माह का मानदेय काटा गया है। गैरहाजिर कार्यकर्ताओं को चेतावनी जारी की गई है। यह कार्रवाई डीपीओ डीके सिंह ने की है।
पिछले माह डीएम के निर्देश पर जिले भर में आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण डीपीओ व सीडीपीओ ने किया। इस दौरान केंद्रों के संचालन की स्थिति बेहद खराब मिली। निरीक्षण में 14 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गैरहाजिर मिली थीं।
इन गैरहाजिर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सेवा समाप्ति का नोटिस देते हुए स्पष्टीकरण तलब किया था। स्पष्टीकरण आने के बाद अब डीपीओ डीके सिंह ने सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि सभी कार्यकर्ताओं का एक-एक माह का मानदेय काट दिया गया है।
वहीं सभी गैरहाजिर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं चेतावनी जारी की है। उन्होंने बताया कि सेवा समाप्ति वाली कार्रवाई पर अभी उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट प्रेषित की जा रही है। उच्चाधिकारियों से दिशा निर्देश मिलने के बाद ही अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।