न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जलेसर रोड स्थित कांशीराम कॉलोनी के निकट मंगलवार की देर रात को दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में एक बाइक पर सवार तीन लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चार साल के मासूम की मौत हो गई। दूसरी बाइक सवार मौके से फरार हो गया।
राजेश कुमार नागर पुत्र छत्रपाल नागर निवासी रमनपुर हाल निवासी कांशीराम कॉलोनी मंगलवार की देर रात को अपनी पत्नी आशा देवी और अपने चार साल के नाती भोला को बाइक से लेकर बाजार आ रहा था। जैसे ही उसकी बाइक कॉलोनी के गेट पर आई तो एक अपाचे बाइक सवार युवक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और जलेसर रोड की तरफ भाग गया।
बाइक सवार दंपती व चार साल का मासूम घायल हो गया। परिजन तीनों घायलों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद वह घर चले गए। इस बीच भोला की हालत बिगड़ गई और परिवार के लोग उसे आनन-फानन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टर ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया। संवाद