न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद राजवीर दिलेर की अध्यक्षता में हुई। इसमें सांसद ने केंद्र व राज्य सरकार की लोक कल्याणकारी, रोजगारपरक, गरीबी उन्मूलन योजनाओं का लाभ जिले के पात्र व जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने और विभागीय योजनाओं को मूर्त रूप देने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने गरीब तबके के लोगों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित करने और गांवों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभागीय योजनाओं को अमलीजामा पहनाने के लिए अधिकारियों को ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए। उनके द्वारा कई समस्याओं और सुझावों को सांसद के समक्ष रखा गया। बैठक में सांसद ने पूर्व में हुई दिशा की बैठक में दिए गए निर्देशों पर की गई कार्यवाही के बारे में जानकारी ली। सांसद ने सभी विभागों को केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की सूची एवं उनकी प्रगति से अवगत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने परियोजना निदेशक अश्विनी कुमार मिश्र से महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के बारे में जानकारी ली। पीडी ने बताया कि मनरेगा के तहत मासिक निर्धारित 7.22 (मानव दिवस लाख में) लक्ष्य के सापेक्ष 6.98 (मानव दिवस लाख में) सृजित किए गए हैं, जोकि लक्ष्य का 96.63 प्रतिशत है। इसके तहत 34,695 परिवारों को रोजगार दिया गया है। जिसमें से इस वर्ष मानव दिवस सृजन में महिलाओं की भागीदारी लगभग 17.46 प्रतिशत है।
सांसद ने अधिक से अधिक लोगों को रोजगार मुहैया कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि एनआरएलएम योजना के तहत 802 समूहों का गठन किया गया है। प्राधानाचार्य आईटीआई ने बताया कि दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के निर्धारित लक्ष्य 105 के तहत प्रशिक्षण केंद्र स्थापित कर डाटा इंट्री में 35 ऑपरेटर तथा 70 फील्ड टैक्नीशियन कंप्यूटिंग पैरीफेरल के प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सांसद ने अधिशासी अथ्भयंता लोक निर्माण विभाग द्वारा नई सड़कों के निर्माण एवं गड्ढा मुक्ति के संबंध में तैयार की गई कार्ययोजना एवं धनराशि आवंटन के लिए शासन स्तर पर प्रेषित की गई सूचनाओं को उपलब्ध कराने तथा स्वीकृत सड़कों का निर्माण और गड्ढा मुक्ति कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत 1334, वृद्धावस्था और किसान पेंशन योजना में 36311, निराश्रित महिला पेंशन/विधवा पेंशन योजना में 25232 तथा दिव्यांगजन पेंशन योजना में 7472 का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वृद्धावस्था और किसान पेंशन योजना, निराश्रित महिला पेंशन और विधवा पेंशन योजना तथा दिव्यांगजन पेंशन योजना में लाभार्थियों को द्वितीय किस्त का भुगतान कर दिया गया है। परियोजना अधिकारी जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 6,912 आवास बनवाने का लक्ष्य निर्धारित है। इसके तहत 5615 आवेदकों के चयन की प्रक्रिया का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। अवशेष 1297 का कार्य पूर्ण किया जाना है। सांसद ने आवासों के चयन प्रक्रिया एवं किस्तों का भुगतान गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से करने के निर्देश दिए।
पीडी ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2020-21 में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत 875 आवासों का लक्ष्य प्राप्त हुआ था। इसमें से 875 आवासों के लिए प्रथम किस्त, 869 आवासों के लिए द्वितीय किस्त और 852 आवासों के लिए तृतीय किस्त का भुगतान किया जा चुका है। 820 आवासों का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। वित्तीय वर्ष 2021-22 में इस योजना के तहत 151 का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके तहत 143 आवासों के निर्माण के लिए लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया को पूर्ण करते हुए 142 लाभार्थियों को प्रथम किस्त, 126 लाभार्थियों को द्वितीय किस्त, 31 लाभार्थियों को तृतीय किस्त का भुगतान किया जा चुका है। इसमें से छह आवासों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है।
अधिशासी अभियंता जल निगम ने राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल मिशन योजना के तहत स्वीकृत परियोजनाओं के निर्माण कार्य की जानकारी दी। निर्माण कार्य की प्रगति धीमी होने पर सांसद नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य में तेजी लाने तथा अन्य संचालित परियोजनाओं को भी समय से पूरा करने के निर्देश दिए। अमृत योजना के तहत कराए जा रहे कार्यों के कारण शहर में की गई सड़कों की खुदाई के पश्चात उनको ठीक न कराने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। डीएम ने अधिशासी अभियंता जल निगम तथा नगर पालिका अध्यक्ष को मौका मुआयना करने के पश्चात सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे सड़कों की मरम्मत कराई जा सके। सांसद ने विद्युत के जर्जर तार और खंभों मरम्मत करने के साथ निर्धारित रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुचारु करने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्रमोहन चतुर्वेदी ने बताया जिले में अब तक कुल 9,20,272 लोगों का टीकाकरण किया गया है। प्रतिदिन मेगा शिविर लगाकर लगभग सात से आठ हजार लोगों को कोविड-19 का टीकाकरण किया जा रहा है। जिले में अब तक 3,51,800 लक्ष्य के सापेक्ष 1,22,722 लाभार्थियों केक गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं। संक्रमित रोगों के दृष्टिगत जनपद में नगर पालिका/नगर पंचायतों एवं पंचायतीराज विभाग द्वारा एंटी लार्वा का छिड़काव एवं फॉगिंग का कार्य किया जा रहा है। शिविर लगाकर लोगों को संक्रमित रोगों से बचाव के लिए जागरूक कर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सांसद ने उज्ज्वला योजना, खाद्यान वितरण, सौभाग्य योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत चिकित्सकों की उपलब्धता, दवाओं की उपलब्धता, एंबुलेंस सेवाओं की स्थिति, वित्तीय प्रगति, जननी सुरक्षा योजना, जननी शिशु सुरक्षा योजना, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, नियमित टीकाकरण, राष्ट्रीय अंधता निवारण, राष्ट्रीय क्षयरोग नियंत्रण कार्यक्रम, पीसीपीएनडीटी, परिवार नियोजन, स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाई जा रही अन्य योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी ली।
उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निष्पक्ष एवं पारदर्शितापूर्ण तरीके से शत-प्रतिशत खाद्यान्न वितरण कराने के निर्देश दिए। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युत और संचालित योजनाओं के संबंध में अपनी-अपनी समस्याओं को रखा। डीएम ने इन समस्याओं के संबंध में संबधित विभागीय अधिकारियों को निस्तारण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी रमेश रंजन ने सभी अधिकारियों से कहा कि शासन की प्राथमिकताओं में शामिल योजनाओं सहित जनपद के निर्माण कार्य, जन कल्याणकारी, गरीबी उन्मूलन, रोजगारपरक योजनाओं एवं विभागीय कार्यों को गुणवत्ता सहित समय से पूरा करने के लिए तवज्जो दी जाए। जिलाधिकारी ने परियोजना निदेशक को रजबहों से निकलने वाली नालियों पर किए गए अवैध कब्जे के संबंध में जांच करते हुए रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी आरबी भास्कर ने सभी का आभार जताया। बैठक में सदर विधायक सदर हरीशंकर माहौर, पूर्व सांसद डॉ. बंगाली सिंह, नगर पालिकाध्यक्ष हाथरस आशीष शर्मा, प्रीती चौधरी, नगर पंचायत अध्यक्ष सादाबाद, जिला पंचायतराज अधिकारी बनवारी सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी शाहीन, जिला उद्यान अधिकारी अनीता सिंह, उप कृषि निदेशक एचएन सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी एसपी शाक्य, अधिशासी अभियंता विद्युत व अन्य अधिकारी मौजूद थे। संवाद