न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना की दूसरी डोज लगवाने के लिए उत्साहित लोगों के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें लाइन में लगने की जरूरत नहीं होगी। शनिवार का दिन सिर्फ दूसरी डोज वालों के लिए निर्धारित कर दिया गया है। अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अमित मोहन प्रसाद ने मंगलवार को बताया कि कोरोना से बचने के लिए वैक्सीन की दो डोज लगना जरूरी है। तभी प्रतिरोधक क्षमता विकसित होती है। हमारा फोकस है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को जल्द दूसरी खुराक लग जाए।
उन्होंने कहा कि इसी के मद्देनजर फैसला किया गया है कि शनिवार को सिर्फ दूसरी डोज लगाई जाएगी। सुबह 9 से 11 बजे तक उन लोगों को दूसरी डोज लगेगी जो स्लाट बुक करवा कर आएंगे। 11 बजे के बाद वैक्सीनेशन केन्द्रों पर सीधे आने वालों को दूसरी खुराक दी जाएगी। अमित मोहन ने बताया कि सोमवार से शुक्रवार तक पहले की तरह लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। इन दिनों में भी दूसरी डोज वाले अपना टीकाकरण करवा सकते हैं। लेकिन शनिवार को सिर्फ उनका ही टीकाकरण होगा।
अब शनिवार को केवल कोरोना दूसरी डोज लगवाई जाएगी। इसे लेकर शासन का पत्र प्राप्त हो चुका है। इसी के तहत अब दूूसरी डोज वालों का टीकाकरण होगा।
डॉ विजेंद्र सिंह, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी