संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
आने वाले समय में ईएमयू ट्रेनों का संचालन हाथरस सिटी स्टेशन से होगा। रेलवे ट्रैक के इलेक्ट्रिफाइड होने के बाद ट्रेनों के संचालन की कवायद को तेज कर दिया गया है। यात्रियों को जल्द पहुंचाने के लिए ट्रेनों के ठहराव को दो मिनट से ज्यादा नहीं बढ़ाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि बीते साल हाथरस से मथुरा तक ट्रैक इलैक्ट्रिफाइड हो गया है। अब कासगंज से बाया बरेली, पीलीभीत तक से ट्रेन जल्द रफ्तार भरेगी। इलेक्ट्रिक कार्य पूरा होने के साथ इलेक्ट्रिक लोको मेंटेनेंस शेड भी बन गए हैं।
इन शेड को मेंटेनेंस शेड के रूप में परिवर्तित किया जा रहा है। रेलवे प्रशासन द्वारा नई ईएमयू ट्रेनों का निर्माण किया जा रहा है। मुख्य प्रमुख परिचालन अनिल कुमार सिंह ने बीते दिनों वार्ता के दौरान बताया कि नई ईएमयू ट्रेनों का निर्माण किया जा रहा है।
दो तीन साल में इलैक्ट्रिक फाइड ट्रैक पर ट्रेनों को चलाया जाएगा। व्यापारियों ने ट्रेनों के स्टॉपेज की अवधि बढ़ाने की बात कही। उन्होंने कहा कि दो मिनट से अधिक ठहराव से ट्रेन लेट होगी। यदि कहीं पार्सल होगा तो लोड करने के लिए विचार किया जा सकता है।
यह है डेमू और ईएमयू
ईएमयू इलेक्ट्रिक इकाई ट्रेन होती है। जिसमें यात्री डिब्बे लगे होते हैं। दोनों ओर इलेक्ट्रिक इंजन होता है। इसके अलावा डेमू डीजल इलेक्ट्रिक मल्टीपल इकाई होती है। जो ऑन बोर्ड डीजल इंजन द्वारा संचालित होती है। इसमें डिब्बे को बिजली देने के लिए अल्टरनेटर लगा होता है।