न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बिजली महकमे में अब सिर्फ साफ-सुथरी छवि वाले ठेकेदारों से ही काम कराया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया के दौरान ठेकेदारों को चरित्र प्रमाणपत्र देना होगा। चूंकि जल्द ही शहर से देहात तक जर्जर लाइनों को दुरुस्त करने और ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि करने के काम होने हैं, इसलिए ठेकेदार अब चरित्र प्रमाणपत्र पाने की कोशिश में जुट गए हैं।
उल्लेखनीय है कि बिजली महकमे में अब तक कई कंपनियां काम कर रही हैं। इनका टेंडर निगम स्तर से हुआ है। अब नियम के तहत ठेकेदारों को काम करने के लिए स्वच्छ छवि का प्रमाणपत्र जमा करना होगा। तभी वह विभाग में ठेकेदारी कर सकते हैं। इसके लिए अधीक्षण अभियंता ने कार्य करने वाले ठेकेदारों को फरमान भी जारी कर दिया है।
ये काम होंगे शहर और देहात में
शहर में 10 ट्रांसफार्मरों की क्षमतावृद्धि होगी। करीब 15 किलोमीटर नई बंच कंडक्टर लाइन डाली जाएंगी। द्वितीय खंड के मुरसान व मेंडू कस्बे में करीब 14 किलोमीटर नई लाइन डाली जाएगी। सासनी में सात किलोमीटर व दो ट्रांसफार्मरों की क्षमतावृद्धि होगी। सादाबाद में सात किलोमीटर नई बंच लाइन डाली जाएगी और दो ट्रांसफार्मरों की क्षमतावृद्धि होगी। इन सभी कामों को करने के लिए ठेकेदारों को चरित्र प्रमाण पत्र जमा करना होगा।
अब ठेकेदारों को कांट्रेक्ट चरित्र प्रमाणपत्र संलग्न करना होगा। तभी वह कार्य कर सकते हैं।
-जगतराम, अधीक्षण अभियंता