न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सासनी में चार कोरोना संक्रमित जमातियों के मिलने से अब मंडी समिति नहीं खुल सकेगी। उल्लेखनीय है कि सरकार ने खेती और किसानों के काम पर छूट दे रखी है, इसलिए किसान खेतों में आलू की खुदाई और गेहूं की कटाई के काम में जुटे हुए हैं।
कुछ दिनों बाद मंडियों में गेहूं आना शुरू हो जाएगा। इस बात को ध्यान में रखते हुए हाथरस मंडी प्रशासन ने मंडी खोलने की कार्य योजना तैयार कर ली। डीएम से अनुमति मिलने के बाद मंडी खोलने की तैयारी शुरू कर दी थी।
इस दौरान शनिवार को सासनी क्षेत्र में मिले कोरोना के चार पॉजिटिव मरीजों से व्यवस्था चरमरा गई है। अब ऐसे में हाथरस, सासनी मंडी अब देरी से खुलना तय है। मंडी सचिव यशपाल सिंह का कहना है कि सासनी में चार पॉजिटिव मरीजों केे मिलने के कारण अब मंडी खुलने में थोड़ा वक्त लगेगा।