न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
विधानसभा चुनाव की तिथि जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, परिवहन विभाग भी चुनाव ड्यूटी के लिए जरूरत के हिसाब से वाहन जुटाने की कोशिश में जुटा है। जिले के 36 सौ वाहन स्वामियों को संबंधित थानों के माध्यम से वाहनों के अधिग्रहण के लिए नोटिस भेजे जा रहे हैं। नोटिस न लेने वाले व प्रपत्र को दुरुस्त न कराने वाले वाहन स्वामियों की सूची तैयार की जा रही है। वाहनों के संचालन के लिए तीनों विधानसभा क्षेत्रों का रूट चार्ट भी तैयार किया जा रहा है। आने वाले दिनों विभाग अधिगृहीत वाहनों की धर-पकड़ के लिए अभियान चलाएगा।
चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियों को लाने-ले जाने के साथ अधिकारियों के भ्रमण के लिए भी वाहनों का इंतजाम किया जा रहा है। चुनाव के लिए जिले में एक हजार से अधिक वाहनों का अधिग्रहण किया जाना है। इसके लिए संभागीय परिवहन विभाग द्वारा जिले के 36 सौ वाहन स्वामियों को नोटिस भेजे जा रहे हैं। परिवहन कार्यालय से यह नोटिस संबंधित थानों को भेजे जा रहे हैं। इन नोटिस को संबंधित थानों के हल्का इंचार्ज वाहन स्वामियों पर तामील करा रहे हैं।
नोटिस वितरण की प्रतिदिन समीक्षा भी की जा रही है। जो वाहन स्वामी मौके पर नोटिस नहीं ले रहे हैं या कागजी प्रक्रिया को पूरा नहीं कर रहे हैं, उनका ब्योरा कार्यालय के लिपिकों द्वारा तैयार किया जा रहा है। इनके खिलाफ संबधित थाने में जल्द एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। संवाद