संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
शहर, देहात, कस्बा में बिजली संकट थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस सबसे बड़ा कारण है जर्जर विद्युत लाइन। लाइनों में फॉल्ट के चलते उपभोक्ताओं को पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है। इस कारण आमजन को कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। लोगों को मुश्किलों से जूझना पड़ रहा है। सोमवार को भी शहर से देहात तक करीब चार घंटे बिजली गुल रही।
उल्लेखनीय है कि बिजली चोरी को रोकने के लिए शहर से देहात तक बंच कंडक्टर लाइन डाली गई थी। अब वर्तमान में लाइन जर्जर हालत में हैं। आए दिन लाइनो में कहीं न कहीं आग लगती है। शहर के ओढ़पुरा, गिजरौली, नवीपुर, कांशीराम टाउनशिप, जलकल आदि बिजलीघरों से निकलने वाली लाइनों में फॉल्ट के चलते लोगों को बिजली कटौती का दंश झेलना पड़ रहा है।
वहीं देहात के मुरसान, चंदपा, उघई, सलेमपुर आदि सबस्टेशनों की लाइनों में फॉल्ट हुए। इस कारण लोगों को करीब चार घंटे बिना बिजली के रहना पड़ा। बिना बिजली के लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई। वहीं सिंचाई का काम भी प्रभावित हो रहा है।
कभी दिन में कभी रात में बिजली गुल होना आम बात हो गई है। इसे लेकर लोगों में गुस्सा है। इस मामले में एक्सईएन सुभाष चंद्रा का कहना है कि लाइनों के बदलने का काम रिवेम्पड स्कीम में होगा। जल्द से जल्द बेहतर आपूर्ति के प्रयास जारी हैं।
- बिजली की लाइन जर्जर हालत में है। इस कारण कभी दिन में कभी रात में बिजली गुल हो रही है। इससे काफी मुश्किलों से जूझना पड़ रहा है। विभाग लाइनों को बदलवाए ताकि पर्याप्त आपूर्ति मिले। - भोला
- बिजली लाइनों का सही तरीके से रखरखाव नहीं किया गया। इस कारण कुछ सालों में लाइन जर्जर हो गई है। इस कारण पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है। विभाग समय रहते लाइनों को बदलवाए ताकि गर्मी में सही बिजली मिले। - श्यामसुंदर राना
- गर्मी में बिना बिजली के खासी मुश्किलों से जूझना पड़ रहा है। लाइनों में आए दिन फॉल्ट होते हैं। लाइन जर्जर हालत में है। लाइनों को बदला जाए। ताकि बिजली सहीं चले। - नितिन मिश्रा
- बिजली विभाग का जिस हिसाब से हर महीने से बिल लेने का ध्यान रखता है। उस हिसाब से लाइनों को दुरुस्त करें। ताकि आमजन को आए दिन बिजली गुल की समस्या से राहत मिल सके। - मयंक