न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर बिटिया के परिजनों ने संतुष्टि जताई है। उनका कहना है कि निगरानी कोई भी करे, हमें तो न्याय मिलना चाहिए। बिटिया के परिजन अपनी सुरक्षा को लेकर भी संतुष्ट नजर आए।
बिटिया के परिजनों को भी मंगलवार को यह जानकारी थी कि सुप्रीम कोर्ट में उनके मामले में सुनवाई होगी। वहीं काफी मीडिया कर्मी भी बिटिया के गांव में मौजूद थे। दोपहर 12 बजे के बाद सुप्रीम कोर्ट का जब फैसला आया और बिटिया के परिजनों को इस फैसले से अवगत कराया गया तो उस समय बिटिया के परिजन खेत में थे।
बिटिया के भाई व पिता ने कहा कि वह सुप्रीम कोर्ट के फैसले से संतुष्ट हैं। कोई भी निगरानी या जांच करे, हमें तो न्याय मिलना चाहिए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूछे गए सवाल पर बिटिया के भाई व पिता बोले कि उन्हें इस समय पूरी सुरक्षा मिली हुई है और वह सुरक्षा को लेकर भी फिलहाल संतुष्ट हैं।