न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर की एक गली निवासी कैंसर पीड़ित वृद्ध की पहली रिपोर्ट निगेटिव आई थी, जबकि दो दिन पहले भेजा गए नूमनों की जांच रिपोर्ट में वृद्ध कोरोना संक्रमित पाया गया है। वह नोएडा के एक अस्पताल से अपना इलाज करके लौटा है। ऐसे में यह भी आशंका जताई जा रही है कि यह वृद्ध कहीं नोएडा में ही तो संक्रमित होकर नहीं लौटा।
कोतवाली सदर क्षेत्र निवासी एक वृद्ध कैंसर से पीड़ित हैं। उनका इलाज नोएडा के एक अस्पताल में चल रहा है। पिछले दिनों 21 अप्रैल को उनके परिजन उन्हें नोएडा के अस्पताल में कीमोथैरेपी कराने के लिए ले गए। वहां से लौटने की जानकारी सीएमओ को हुई तो उनका नमूना 22 अप्रैल को जांच के लिए अलीगढ़ भेजा गया, जिसमें कैंसर पीड़ित निगेटिव पाए गए।
इसके बाद उनको इलाज के लिए फिर से परिजन नोएडा ले गए। सीएमओ डॉ. बृजेश राठौर ने बताया कि 29 अप्रैल को कैंसर पीड़ित के परिजनों ने उनकी परेशानी के बारे में बताया, जिस कोरोना संक्रमित होने की शंका हुई। इसके बाद 29 अप्रैल की रात को ही कैंसर पीड़ित का नमूना जांच के लिए भेजा गया। एक मई को आई जांच रिपोर्ट में कैंसर पीड़ित कोरोना संक्रमित पाया गया। उन्हें अलीगढ़ मेडिकल भेजा गया है।