न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
नई शिक्षा नीति में बदलाव को लेकर 12 नवंबर को नेशनल अचीवमेंट सर्वे (एनएएस) की परीक्षा होगी। परीक्षा को सफलता पूर्वक संपन्न कराने के लिए सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) को जिम्मेदारी दी गई है। नेशनल अचीवमेंट सर्वे की नोडल अधिकारी डायट प्राचार्या डॉ. ऋचा गुप्ता ने बताया कि इस परीक्षा से बच्चों की कक्षा के अनुसार उनकी शैक्षिक योग्यता की परख होगी। इसमें बेसिक, माध्यमिक व सीबीएसई स्कूलों के विद्यार्थी शामिल होंगे।
हाल ही में विद्यार्थियों को मिल रही शिक्षा गुणवत्तापूर्ण है या नहीं, इसकी भी जांच के लिए जिले में 12 नवंबर को एनएएस परीक्षा का आयोजन होगा। यह परीक्षा तीसरी, पांचवीं, आठवीं व दसवीं की कक्षा में पढ़ने वाले विद्यार्थियों का चयन कर कराई जा रही है। जिले में 6,276 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को शुचितापूर्ण व नकल विहीन कराए जाने के पूरे इंतजाम किए गए हैं। इसके लिए एक जिला समन्वयक और एक जिला नोडल अधिकारी, 202 पर्यवेक्षक, 306 एफआई यानि फील्ड इनविजिलेटरों की ड्यूटी लगाई गई है।
कक्षानुसार निर्धारित होगी प्रश्नों की संख्या
एनएएस की परीक्षा में प्रश्नों की संख्या भी कक्षानुसार निर्धारित की गई है। कक्षा तीसरी के लिए हिंदी, गणित व ईवीएस के 47 प्रश्न आएंगे। कक्षा पांचवीं के लिए हिंदी, गणित व ईवीएस के 53 प्रश्न आएंगे। कक्षा आठवीं के लिए हिंदी, गणित, साइंस व सामाजिक के 60 प्रश्न आएंगे। 10वीं कक्षा के लिए हिंदी, गणित, साइंस व सामाजिक के 70 प्रश्न आएंगे।
कक्षानुसार ही होगा परीक्षा का समय
सुबह 10:30 बजे तीसरी, पांचवीं, आठवीं और दसवीं की परीक्षा आरंभ होगी। इसमें तीसरी और पांचवीं कक्षा की उत्तरपुस्तिकाएं 90 मिनट बाद 12 बजे और आठवीं व दसवीं की उत्तरपुस्तिकाएं 120 मिनट बाद 12:30 बजे वापस एक-एक विद्यार्थी से नंबर वाइज एकत्रित की जाएंगी।
इन दिशा-निर्देशों का करना होगा पालन
सभी फील्ड इनविजिलेटरों (एफआई) सुबह साढ़े सात बजे तक परीक्षा केंद्रों में पहुंच कर केंद्र प्रभारी को रिपोर्ट करना होगा। सुबह साढ़े आठ बजे तक पूरे परीक्षा कक्ष का निरीक्षण करना होगा। सुबह साढ़े नौ बजे तक पर्यवेक्षक की सहायता से विद्यार्थियों का चयन करना होगा। परीक्षा कक्षा में डेस्क पर स्टीकर लगाना होगा। सुबह 10:20 बजे तक कंट्रोल शीट के अनुसार प्रश्न पत्रों की तैयारी करनी होगी। सुबह 10:30 बजे तक विद्यार्थियों को उत्तरपुस्तिका का वितरण किया जाएगा।
कक्षा वार स्कूल व विद्यार्थी
कक्षा स्कूल विद्यार्थी
तीसरी 41 1038
पांचवीं 44 1059
आठवीं 74 2014
दसवीं 78 2167
कुल 237 6276
नेशनल अचीवमेंट सर्वे की परीक्षा 12 नवंबर को होगी। इसको लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा जिले के चयनित स्कूलों में होगी, जिसमें 6276 विद्यार्थी शामिल होंगे। इसके लिए 306 फील्ड इनविजिलेटर नियुक्त कर दिए गए हैं। परीक्षा शांतिपूर्ण व नकल विहीन परीक्षा कराए जाने के पूरे इंतजाम किए गए हैं।
-डॉ. ऋचा गुप्ता, डायट प्राचार्या/नोडल अधिकारी एनएएस परीक्षा।