न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
सादाबाद बस स्टैंड के सामने स्थित एक मोबाइल और इलेकट्रॉनिक दुकान में शार्ट-सर्किट से आग लग गई। आग की ऊंची लपटों से अफरा तफरी मच गई। मौके पर काफी लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर मौके पर पहुंची दमकल ने आग पर जैसे तैसे काबू पाया। हालांकि, तब तक सबकुछ जलकर राख हो गया। दुकानदार का कहना है कि आग लगने से लाखों रुपये के मोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जल गए।
रोडवेज बस स्टैंड के सामने मनोज कुमार अग्रवाल पुत्र सीताराम अग्रवाल निवासी विनोवा नगर सादाबाद की मुकुल इलेक्ट्रॉनिक्स के नाम से दुकान है। दुकान में इलेक्ट्रॉनिक्स सामान के अलावा मोबाइल फोन की बिक्री व रिपेयरिंग की जाती है। दुकान में शनिवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे अचानक शॉर्ट-सर्किट हो गया। लोगों ने शटर से धुआं निकलते देख दुकान संचालक को सूचना दी। सूचना पर दुकान संचालक मनोज व सुभाष मौके पर पहुंच गए। आसपास के दुकानदार भी मौके पर आ गए।
किसी तरह आग पर पानी डालकर काबू पाए जाने का प्रयास किया जाने लगा। इसी दौरान वहां सूचना पर दमकल भी पहुंच गई। दमकल के जरिए आग पर करीब दो घंटे के प्रयास के बाद काबू पाया जा सका। आग से दुकान में रखे नए, पुराने करीब 100 से अधिक मोबाइल, रिपेयरिंग के लिए आए कई मोबाइल, दो कंप्यूटर, एक लैपटॉप, टीवी, इनवर्टर, बैटरा, मोबाइल एसोसिरीज, फर्नीचर, सिमकार्ड, डीटीएच आदि जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आकर कई दुकानदारों के तार भी जल गए।
सूचना पर कोतवाली पुलिस के कस्बा इंचार्ज जोंगेंद्र सिंह के अलावा लेखपाल नरेंद्र देव ने मौके पर पहुंचकर दुकानदार को हुए नुकसान का आंकलन किया। दुकानदार मनोज अग्रवाल ने कोतवाली में भी घटना के संबंध में तहरीर दी है। उन्होंने करीब दस लाख रुपये के नुकसान होने की आशंका जताई है।