न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय परिसर में शनिवार को जिले के नोडल अधिकारी व राहत आयुक्त संजय गोयल, कोविड-19 के लिए नामित नोडल अधिकारी अखिलेश मिश्रा, डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने संयुक्त रूप से विश्व जनसंख्या स्थिरता दिवस का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस दौरान जनसंख्या नियंत्रण तथा परिवार नियोजन प्रचार प्रसार संबंधित माइकिंग वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
नोडल अधिकारी संजय गोयल ने कहा कि 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस मनाने की शुरुआत वर्ष 1989 में संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम की संचालक परिषद द्वारा की गई थी। उस समय विश्व की जनसंख्या लगभग 500 करोड़ थी। आयुक्त ने जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोग परिवार नियोजन को अपनाएं। परिवार छोटा होगा तो परिवार सुखी रहेगा। 24 जुलाई तक जनसंख्या पखवाड़ा सप्ताह मनाया जा रहा है।
डीएम ने कहा कि किसी भी अभियान को बिना जन सहभागिता के सफल नहीं बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ब्लॉक स्तर पर भी सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर विश्व जनसंख्या दिवस मनाया जा रहा है। इस मौके पर लगी स्टॉल का भी उक्त अधिकारियों ने निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर, सीएमओ डॉ. बृजेश राठौर सहित अन्य अधिकारी भी इस मौके पर मौजूद थे।
औषधि केंद्र पर नहीं मिली पर्याप्त दवाई, नाराजगी जताई
हाथरस। स्थिरता दिवस का शुभारंभ करने के बाद जिले के नोडल अधिकारी, डीएम व कोविड के नोडल अधिकारी ने संयुक्त रूप से जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीटी स्कैन कक्ष, कोविड-19 प्रयोग शाला, भारतीय जन औषधि केंद्र आदि का मुआयना किया। उन्होंने औषधि केन्द्र प्रभारी को निर्देश दिए कि दवाइयों की कमी न होने पाए। निरीक्षण के दौरान कुछ दवाइयां उपलब्ध न होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल दवाइयों को मंगाने व अस्पताल परिसर पर नियमित रूप से साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए।