न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
विधानसभा सिकंदराराऊ क्षेत्र में तैनात मास्टर ट्रेनरों को शुक्रवार की देर शाम वेयर हाउस में इलेक्ट्रॉनिक्स वोटिंग मशीन (ईवीएम) सीलिंग सहित मतदान संबंधी अन्य प्रक्रिया के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) की ओर से ईवीएम की सीलिंग की जानकारी न दिए जाने का मामले संज्ञान में आने के बाद प्रशासन की ओर से यह कार्रवाई की गई है। मास्टर ट्रेनरों को रात 11 बजे तक इन कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया।
संत फ्रांसिस कॉलेज में तीसरे चरण के मतदान के लिए मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस दौरान संज्ञान में आया कि विधानसभा सिकंदराराऊ क्षेत्र में मास्टर ट्रेनरों को ईवीएम सीलिंग के बारे में प्रशिक्षण नहीं दिया गया है। इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को हुई तो आनन-फानन शुक्रवार की देर शाम को वेयर हाउस में प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई। प्रशासन की ओर से मास्टर ट्रेनरों को ईवीएम सीलिंग सहित अन्य मतदान संबंधी प्रक्रिया की जानकारी दी गई, ताकि मतदान कार्मिकों को पूरा प्रशिक्षण मिल सके। संवाद
प्रेक्षक के सवालों पर सकपका गए आरओ
हाथरस। प्रशिक्षण के दौरान प्रेक्षक को जानकारी मिली कि एक विधानसभा क्षेत्र के मास्टर ट्रेनरों को ईवीएम की सीलिंग के संबंध में आरओ की ओर से प्रशिक्षण नहीं दिया गया है। मामले के संज्ञान में आने के बाद संबंधित विधानसभा क्षेत्र के आरओ के साथ मास्टर ट्रेनरों से ईवीएम की सीलिंग की जानकारी ली गई तो उन्होंने इस बारे में प्रशिक्षण न मिलने की बात कही। प्रेक्षक ने संबंधित आरओ से ईवीएम सीलिंग व अन्य मतदान संबंधी जानकारी ली। आरओ भी ईवीएम की सीलिंग के बारे में सही तरीके से जानकारी नहीं दे पाए। इस पर प्रेक्षक ने नाराजगी जताई। तत्काल ही सभी मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिए जाने के निर्देश दिए। संवाद