न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर से सटे गांव गिजरौली में एक विवाहिता का शव फांसी के फंदे पर झूलता मिला। यह देखकर परिजनों के होश उड़ गए। परिजन विवाहिता को फंदे से उतारकर शहर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां उसे डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही कोतवाली सदर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कोतवाली सदर इलाके के गांव गिजरौली निवासी अश्विनी अपनी मां के साथ भाभी को डॉक्टर के पास लेकर गए थे। घर पर अश्विनी की पत्नी स्वाति (25 वर्षं) अकेली थी। अश्विनी परिजनों के साथ जैसे ही घर लौटे तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। स्वाति फंदे पर लटकी हुई थी। परिजनों ने विवाहिता को फंदे से नीचे उतारा और वह उसे पास के ही एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे।
वहां से उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया, जहां डॉक्टर ने विवाहिता को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार के लोग शव को लेकर घर पहुंच गए। इसकी जानकारी गांव के अन्य लोगों को हुई तो मौके पर भीड़ लग गई। इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम गृह भेजा है। कोतवाली सदर प्रभारी अरविंद राठी ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है। आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।