न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)।
क्षेत्र के गांव ममौता कलां में सोमवार की शाम करीब साढ़े सात बजे विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतका के पिता ने अतिरिक्त दहेज की खातिर हत्या करने का आरोप ससुराल पक्ष के लोगों पर लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जनपद बुलंदशहर के थाना अनूपशहर के गांव बहसरा निवासी प्रमोद ने अपनी दो बेटियों प्रीति और नीतू की शादी करीब छह पहले 21 नवंबर 2021 को हिंदू रीति-रिवाज से सासनी के गांव ममौता कलां निवासी राजवीर के पुत्र कौशल व गजेंद्र के साथ की थी। दहेज में छह लाख रुपये नकद और आठ लाख रुपये कीमत के जेवरात दिए गए थे।
आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुर राजवीर और दामाद कौशल व गजेंद्र आए-दिन लड़कियों से दहेज की मांग को लेकर मारपीट करते चले आ रहे थे। जनवरी में दो लाख रुपये बेटी के ससुराल वालों को ब्याज पर लाकर दिए थे, लेकिन वह और पैसों की मांग करते रहते थे। इस कारण दोनों बहनें मायके में ही रह रहीं थीं। 21 मई को दामाद कौशल व कौशल के पिता राजवीर उनके गांव बहसरा आए और अपने साथ प्रीति को लिवाकर ले गए।
आरोप है कि सोमवार 30 मई की शाम को करीब साढे़ सात बजे राजवीर ने फोन पर सूचना दी कि उनकी बेटी ने फांसी लगा ली है। मायके वाले सूचना पाकर बेटी की ससुराल ममौता कलां पहुंचे तो घर पर ताला लगा हुआ था। आरोप है कि ससुराल वालों ने दूसरी बेटी नीतू को मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर राजवीर, कौशल और गजेंद्र के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। संवाद