गृह क्लेश में विवाहिता ने फंदे से लटक कर दी जान
जलेसर सिकंदराराऊ मार्ग स्थित गांव बरसामई की घटना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हसायन (हाथरस)
हसायन। कोतवाली क्षेत्र के जलेसर सिकंदराराऊ मार्ग स्थित गांव बरसामई में एक विवाहिता ने गृह क्लेश के चलते घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही विवाहिता के मायके पक्ष के लोग भी गांव बरसामई पहुंच गए। विवाहिता के परिजनों की सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने विवाहिता के शव का पंचनामा भरवाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए हाथरस भेज दिया है।
अभी तक घटना के संबंध में विवाहिता के परिजनों ने पुलिस को कोई तहरीर नही दी है। विनय कुमारी पत्नी दीपू निवासी बरसामई ने गृह क्लेश के कारण रविवार को घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। विवाहिता के परिजनों ने कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार सिंह व जरैरा चौकी प्रभारी साहब सिंह को पुत्री की हत्या किए जाने की सूचना देते हुए पोस्टमार्टम कराए जाने की मौखिक सूचना दी।
विवाहिता के परिजनों की सूचना के आधार पर जरैरा चौकी प्रभारी साहब सिंह ने शव को पोस्टमार्टम के लिए हाथरस भेज दिया है। चौकी प्रभारी ने बताया कि एक विवाहिता ने गांव बरसामई में आत्महत्या कर ली थी। विवाहिता के परिजनों द्वारा दी गई सूचना के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए हाथरस भेज दिया गया। मृतक विवाहिता के परिजनों के द्वारा अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।