न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहपऊ (हाथरस)।
क्षेत्र के गांव मानिकपुर में 25 वर्षीय एक विवाहिता की शनिवार की मध्य रात्रि में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। रविवार की सुबह उसका शव उसके कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला। शव को लटका देखकर परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटना के बारे में छानबीन की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विवाहिता के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। मायके और ससुराल पक्ष के लोगों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इस मामले में विवाहिता के पिता ने सहपऊ कोतवाली में तहरीर दी है, जिसमें उन्होंने ससुराल वालों पर दहेज की खातिर उनकी बेटी को मारने का आरोप लगाया है।
अलीगढ़ जिले के थाना इगलास क्षेत्र के गांव धनुआ की नगरिया निवासी रामप्रकाश पुत्र राजेंद्र सिंह ने सहपऊ कोतवाली में दी तहरीर में कहा है कि उनकी बेटी कमलेश की शादी सहपऊ क्षेत्र केगांव मकनपुर हाल निवासी मकनपुर रोड मानिकपुर निवासी दिगंबर उर्फ वीरू पुत्र कृपाल सिंह के साथ 18 फरवरी 2016 को हुई थी। शादी में लगभग पांच लाख रुपये खर्च हुए थे, लेकिन कुछ समय बाद से ही उसकी बेटी को उसके ससुराल वालों और पति ने दहेज में बुलेट मोटर साइकिल और रुपयों की मांग को लेकर परेशान करना शुरू कर दिया।
आरोप है कि यह लोग आए-दिन उसकी बेटी के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगे और जान से मारने की धमकी देने लगे। रामप्रकाश का आरोप है कि वह इन लोगों की मांग पूरी करने में असमर्थ रहे, इसलिए 29 और 30 मई की मध्य रात्रि में इन लोगों ने उनकी बेटी को मार दिया। कोतवाल मनोज कुमार का कहना है कि ससुराल पक्ष के लोग विवाहिता द्वारा आत्महत्या करने की बात कह रहे हैं तो मायके पक्ष के लोग विवाहिता को दहेज के लिए मारने का आरोप लगा रहे हैं। फिलहाल विवाहिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।