न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
विकास खंड मुरसान के एक स्कूल में तैैनात शिक्षक के पिता को कोरोना की पुष्टि के बाद उस शिक्षक के साथियों में खलबली मची हुई है। वहीं बीआरसी पर चल रहे सभी कार्यों को कुछ दिन के लिए बंद करा दिया गया है।
पिछले दिनों शहर के त्रिपुरारी नगर निवासी एक व्यक्ति को कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी, जबकि इसकी जानकारी होने से एक दिन पहले तक कोरोना पॉजिटिव आए व्यक्ति के शिक्षक के बेटे के साथ विकास खंड मुरसान के कई शिक्षक संपर्क में आए हैं। यह भी बताया जा रहा है कि संपर्क में आए एक शिक्षक ने तो बीआरसी पर फीडिंग का काम भी किया है।
इसकी जानकारी विभागीय अधिकारियों को हुई तो बीआरसी पर चल रहे फीडिंग व प्रशिक्षण के सभी कार्यों को फिलहाल कुछ दिनों के लिए टाल दिया गया है। बीआरसी पर सैनिटाइजर का छिड़काव भी कराया गया है।
एक शिक्षक के पिता के कोरोना पॉजीटिव आने की जानकारी होने के बाद उसके संपर्क में आए शिक्षकों की छानबीन की गई, जिसमें पता चला है कि वह शिक्षक बीआरसी पर भी आए थे। ऐसे शिक्षकों को बीआरसी पर न आने की सलाह देते हुए यहां पर चल रहे सभी कार्यों को कुछ दिनों के लिए बंद करा दिया गया है।
-मनोज कुमार शर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी।