प्रधानों की लंबित जांच का ब्योरा मंडलायुक्त ने किया तलब
जिले के 27 ग्राम प्रधानों के खिलाफ अनियमितताओं के आरोप की जांच लंबित
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। जिले में ग्राम प्रधानों के खिलाफ चल रही जांचों का ब्योरा मंडलायुक्त ने तलब किया है। जिला पंचायत राज विभाग की ओर से इस ग्राम प्रधानों की लंबित जांचों के संबंध में निर्धारित प्रारूप में ब्योरा दिए जाने के निर्देश दिए गए हैं। वर्तमान में जिले में 27 ग्राम प्रधानों पर विकास कार्यों में अनियमितताओं के आरोपों की जांच चल रही हैं।
जिले में ग्राम पंचायतों में हुए विकास कार्यों में ग्राम प्रधानों व सचिवों के माध्यम से बरती गई अनियमितताओं को लेकर समय समय पर शिकायतें जिला प्रशासन व जिला पंचायती राज विभाग को मिलती रही हैं। विभाग को शपथ पत्रों के माध्यम से मिली शिकायतों के आधार पर जांच कमेटी गठित कर जांच की जा रही हैं। जिले में फिलहाल में 27 ग्राम प्रधानों पर विकास कार्यों में अनियमितता बरते जाने संबंधी शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इन शिकायतों पर डीएम ने जांच कमेटी गठित कर जांच किए जाने के निर्देश दिए हैं।
अब मंडलायुक्त अलीगढ़ मंडल ने निर्धारित प्रारूप में इन ग्राम प्रधानों के खिलाफ चल रही जांचों का ब्योरा तलब किया है। विभाग की ओर से इन ग्राम प्रधानों की आई शिकायतों, जांच अवधि, वर्तमान स्थिति आदि के बारे में रिकॉर्ड तैयार कर मंडलायुक्त को भेजा जा रहा है। रिपोर्ट तलब किए जाने के आधार जांच अधिकारियों पर हीलाहवाली को लेकर भी कार्रवाई अमल में लाई जा सकती है।