न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
केंद्र सरकार द्वारा लोगों को पर्याप्त बिजली देने के लिए नलकूप व घरेलू लाइनों को अलग अलग किया जा रहा है। इसी क्रम में 92 फीडरों से जुड़े गांव में विधुतीकरण कार्य पूरा हो गया है। करीब 120 गांव में विद्युतीकरण का काम लॉकडाउन के चलते रुक गया है।
बिजली महकमा ओवरलोडिंग को खत्म करने के लिए देहात में नलकूप व घरेलू लाइनों को अलग-अलग करने की कवायद में जुटा हुआ है। जिले के 104 फीडरों से जुड़े गांवों को विद्युतीकरण के लिए चयनित किया गया था। इसमें 92 फीडरों का काम पूरा हो चुका है। 10 फीडरों से जुड़े 120 गांव में विद्युतीकरण रुक गया है।
इस कारण ग्रामीणों को गर्मियों में बिजली संकट का सामना भी करना पड़ सकता है। विभागीय अधिकारी लॉकडाउन खत्म होने के साथ काम को पूरा करने के लिए कोशिश में जुटे हुए हैं। अधीक्षण अभियंता हरीमोहन का कहना है नलकूप व घरेलू लाइन के फीडर अलग करने का काम लॉकडाउन के चलते अटक गया है। 104 में से 92 फीडरों का कार्य हो चुका है। बाकी कार्य को जल्दी पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।