संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
जिला अस्पताल की ओपीडी में सोमवार को करीब दो हजार से ज्यादा मरीजों की भीड़ उमड़ी। अस्पताल में केवल चार चिकित्सकों के होने की वजह से मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा। वहीं, अल्ट्रासाउंड कक्ष में विशेषज्ञ चिकित्सक के अवकाश पर होने पर कारण पूरे दिन ताला लटका रहा। अल्ट्रासाउंड नहीं होने की वजह से मरीजों को वापस लौटना पड़ा।
बागला जिला अस्पताल में सबसे ज्यादा कमी इस समय चिकित्सकोें की है। जिला अस्पताल में 25 चिकित्सकों के पद सृजित हैं लेकिन सीएमएस सहित 9 चिकित्सक ही कार्यरत हैं। इसमें से भी इमरजेंसी वार्ड, पोस्टमार्टम गृह कुछ चिकित्सकों की ड्यूटी लगने की वजह से यहां ओपीडी में तीन या चार चिकित्सक ही मौजूद रहते हैं।
सोमवार को जब जिला अस्पताल की ओपीडी खुली को करीब दो हजार मरीजों की भीड़ उमड़ी। ऐसे में उपचार के लिए मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा। इधर, विशेषज्ञ चिकित्सक न होने की वजह से मरीजों के अल्ट्रासाउंड नहीं हो सके। इसकी वजह से भी मरीज काफी परेशान रहे।
- बेटे का अल्ट्रासाउंड कराना था लेकिन यहां पता चला कि आज अल्ट्रासाउंड नहीं हो रहे। इसकी वजह से अब वापस लौटना पड़ रहा है। वैसे भी काफी भीड़ होने के कारण काफी देरी से नंबर आया था।
- गायित्री देवी निवासी रुहेरी
- अपने धेवते का अल्ट्रासाउंड कराने आई थी लेकिन यहां अल्ट्रासाउंड कक्ष में ताला लटका हुआ है। कोई यह भी सही जवाब नहीं दे रहा कि अल्ट्रासाउंड कक्ष कब खुलेगा। इसकी वजह से परेशान हूं।
- कविता निवासी गढ़ी गिरधरा
- अस्पताल में चिकित्सकों की कमी है। करीब दो हजार मरीज आज आए हैं। चिकित्सक अपने व्यक्तिगत काम से तीन दिन के अवकाश पर गए हैं। इसकी वजह से अल्ट्रासाउंड नहीं हो पा रहे हैं। कई बार उच्चाधिकारियों को चिकित्सकों की कमी के बारे में अवगत कराया जा चुक है। - डॉ. सूर्यप्रकाश, सीएमएस, बागला जिला अस्पताल