हाथरस। भारत सरकार की ओर से कोरोना संक्रमण के खतरे की जानकारी देने वाले आरोग्य सेतु ऐप को लोगों द्वारा डाउनलोड किए जाने के साथ ही मॉनीटरिंग शुरू कर दी गई है। इस एप से होने वाली मॉनीटरिंग के दौरान भारत सरकार की ओर से जिला प्रशासन को 49 ऐसे लोगों का डाटा भेजा गया है, जो सर्दी, जुकाम और विभिन्न बीमारियों से संक्रमित हैं। इनकी सूची आने के बाद प्रशासन की ओर से स्वास्थ्य विभाग को निर्देश जारी कर इन लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण किए जाने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
कोरोना संक्रमण से बचाव और खतरे की जानकारी को लेकर भारत सरकार की ओर से आरोग्य सेतु ऐप लांच किया गया है। इस एप को विभिन्न माध्यमों से लोगों के मोबाइल में डाउनलोड कराया जा रहा है। इस एप के माध्यम से कोरोना के रिस्क की केलुकलेशन कंप्यूटर विज्ञान की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विधि के द्वारा की जा रही है। इस एप के माध्यम से यूजर्स खुद अपना सेल्फ असेसमेंट कर सकता है। इस फीचर के जरिये आप यह जान सकते हैं कि आपको कोरोना वायरस का खतरा है या नहीं।
अगर आपमें कोरोना से जुड़े कोई लक्षण दिखते हैं तो यह एप सेल्फ आइसोलेशन से जुडे़ निर्देश जारी कर देता है। यहां तक कि इस एप के माध्यम से आपकी ट्रैवल हिस्ट्री पर भी नजर बनी रहती है। यहां जिले में करीब 66 हजार लोगों ने इस एप को डाउनलोड कर लिया है, जिनमें से 43301 लोगों ने सेल्फ असेसमेंट किया है। इस असेसमेंट की रिपोर्ट भारत सरकार द्वारा मॉनीटरिंग कर रही आईसीएमआर की टीम को भी मिल रही है। इस सेल्फ असेसमेंट में यह सामने आया कि यहां जिले के अब 49 लोग ऐसे हैं, जिनमें सर्दी , जुकाम जैस लक्षण बने हुए हैं। इनके नाम, नंबर की सूची भारत सरकार की ओर से जिला प्रशासन को भेज दी गई है। जिला प्रशासन ने सूची के आते ही स्वास्थ्य विभाग को इन लोगों के स्वास्थ्य चेकअप किए जाने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
शासन स्तर से आरोग्य सेतु ऐप से सेल्फ असेसमेंट करने पर सर्दी और जुकाम के मरीजों का विवरण प्राप्त हुआ था। इनकी जांच को लेकर सीएमओ को निर्देश दे दिए गए हैं। हालांकि इनमें से कुछ लोगों ने बताया कि उन्होंने ऐसे ही ऐप डाउनलोड करते समय सर्दी, जुकाम के बटन पर क्लिक कर दिया था, फिर भी इनकी पूरी स्क्रीनिंग कराई जा रही है।
-प्रवीण कुमार लक्षकार, डीएम