हाथरस: एआरटीओ कार्यालय में लाइसेंस बनवाने के लिए लगी लंबी लाइन।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदन करने वालों के लिए बुरी खबर है। 14 अगस्त से 14 सितंबर तक एआरटीओ कार्यालय में लाइसेंस की प्रक्रिया बंद रहेगी। यह निर्णय कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए लिया गया है। जिन आवेदकों ने इस अवधि में स्लॉट ले रखा है, उनको अगले स्लॉट की जानकारी कार्यालय से मैसेज के जरिये दी जाएगी। इस दौरान आवेदकों को यह राहत होगी कि उन्हें दोबारा फीस नहीं कटवानी होगी।
उल्लेखनीय है कि हर रोज कोरोना के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। अन्य जिलों में परिवहन विभाग के कई अधिकारी और कर्मी कोरोना की चपेट में भी आ गए हैं। इस कारण लर्निंग लाइसेंस की प्रक्रिया को बंद करने का निर्णय अफसरों ने शासन से लिया है। इस क्रम में एआरटीओ कार्यालय में 14 अगस्त से करीब 14 सितंबर तक लर्निंग लाइसेंस की प्रक्रिया बंद रह सकती है। लाइसेंस आवेदकों के शेड्यूल को बदला जाएगा।
इसकी सूचना एसएमएस से आवेदकों को दी जाएगी। एआरटीओ नीतू सिंह ने बताया कि 14 अगस्त से सितंबर के मध्य तक लर्निंग लाइसेंस की प्रक्रिया बंद रह सकती है। परिवहन विभाग के कई अधिकारी व कर्मचारी कोरोना से ग्रसित हो गए हैं, इसलिए लर्निंग लाइसेंस की प्रक्रिया को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।