फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हाथरस में हाहाकार : प्रसाद के रूप में मिली शराब पीने के बाद छह की मौत

Thu, 29 Apr 2021 02:23 AM IST
अलीगढ़ ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
विज्ञापन
हादसे के बाद... - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र में कुलदेवता को चढ़ाई शराब को प्रसाद के रूप में पीने से छह लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोगों को गंभीर हालत में अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। डीएम और एसपी ने गांव पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शराब बेचने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा, हलका प्रभारी व बीट आरक्षी को निलंबित किया गया है। एसएचओ पर विभागीय कार्रवाई की जा रही है।

विज्ञापन


घटना 27 अप्रैल की है। गांव नगला सिंगी व नगला प्रह्लाद के सिंगी समाज के कुछ लोगों ने शाम को कुलदेवता शहीद बाबा पीर की पूजा की थी। कुलदेवता को शराब चढ़ाने का रिवाज है। बाद में उसी को प्रसाद के रूप में समाज के लोग ग्रहण करते हैं। पूजा में नगला सिंगी निवासी लाखन (60) पुत्र आसाराम, नेत्रपाल (65) पुत्र जाफर, अशोक (35) पुत्र सकूरा, सोहन (50) पुत्र मिट्ठू लाल और नगला प्रहलाद निवासी मोहन पुत्र कासिम व बलवीर पुत्र कासिम मौजूद थे। इनके अलावा, नगला सिंगी के रामबाबू पुत्र जगदीश, नरेश पुत्र जगदीश, नटिया पुत्र हुकम सिंह, उमेश पुत्र रामवीर, जानू पुत्र रामेश्वर, पृथ्वीपाल पुत्र राजपाल, कृष्णा पुत्र प्रेमपाल भी वहां थे।

इन सभी ने पूजा के बाद देवता को चढ़ाई जाने वाली शराब का सेवन प्रसाद के तौर पर किया। सबसे पहले बलवीर (55 वर्ष) पुत्र कासिम निवासी नगला प्रहलाद की तबियत खराब हुई। बलवीर को परिवार के लोग जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके बाद लाखन, नेत्रपाल और अशोक की तबियत खराब हो गई। इनको भी लेकर परिवार के लोग अस्पताल गए। इन तीनों को भी मृत घोषित कर दिया गया।
विज्ञापन


इसके बाद मोहन की तबियत खराब हुई। उसे भी अस्पताल में मृत घोषित कर दिया। अन्य की हालत गंभीर होने पर उनको अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। अलीगढ़ से सोहन को आगरा के लिए रेफर दिया गया, आगरा पहुंचते ही उसकी भी मौत हो गई। इस तरह छह लोगों की शराब पीने से मौत हो गई। जानकारी मिलने पर बुधवार की सुबह जिलाधिकारी रमेश रंजन और एसपी विनीत जायसवाल गांव पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। शवों का पोस्टमार्टम कराया गया।

शराब बेचने वाला गिरफ्तार
ग्राम नगला सिंगी और नगला प्रह्लाद में छह लोगों की मौत के बाद प्रभारी निरीक्षक हाथरस गेट तथा पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की। मौके से शराब के खाली क्वार्टर पुलिस ने बरामद कर जांच के लिए भेजे हैं। परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना हाथरस गेट पुलिस ने सुसंगत धाराओं में नामजद अभियोग पंजीकृत कर आरोपी रामहरी पुत्र जयंती निवासी नगला दया थाना हाथरस गेट को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से खाली क्वार्टर की बोतलें बरामद हुई हैं। जिन्हें स्कैन के माध्यम से चेक किया गया तो उन पर एक सरकारी ठेके का विवरण है।

परिजनों द्वारा नामित अभियुक्त रामहरी को थाना हाथरस गेट पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कुछ लोगों द्वारा अभियुक्त को प्रधान प्रत्याशी बताते हुए भ्रामक सूचना फैलाई जा रही है, अभियुक्त प्रधान प्रत्याशी नहीं है। शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम में मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। विसरा सुरक्षित किया गया है।
- विनीत जायसवाल, पुलिस अधीक्षक हाथरस

घटना की जानकारी मिलने पर गांव पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली गई। छह लोगों की मौत हुई है। दो देसी मदिरा की दुकानों को सील कर दिया गया है। कुछ पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई हुई है। बाकी विभागीय जांच जारी है।
विज्ञापन

-रमेश रंजन, डीएम हाथरस

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें