न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
पीएम ने देश की जनता से रविवार को जनता कर्फ्यू की अपील की है। इसका मूल मकसद कोरोना के वायरस के चक्र को तोड़ना है। इसे लेकर स्वास्थ्य महकमा भी जुटा है। चिकित्सकों का कहना है कि यह कोरोना वायरस को फैलने से रोकने का एक कारगर तरीका है। लोग एक दूसरे से नहीं मिलेंगे तो कोरोना को नए कैरियर नहीं मिल पाएंगे। जानकारों का मानना है कि 14 घंटे के ब्रेक से संक्रमण की चेन को तोड़ा जा सकता है।
इसे लेकर सीएमओ डॉ. बृजेश राठौर ने कहा कि सभी लोग इसजनता कर्फ्यू में अपना योगदान कर मदद करें। जैसा कि प्रधानमंत्री ने कहा है कि लोग अपने घरों से न निकलें, जब लोग एक दूसरे मिलेंगे नहीं तो पूरा देश एक साथ आइसोलेट हो जाएगा और हम वायरस के संक्रमण पर पर काबू कर सकेंगे। सीएमओ ने कहा खांसी जुकाम होने का मतलब यह नहीं कि कोरोना के लक्षण हो गए। केवल उन्हीं लोगों को इसका खतरा हो सकता है जो विदेश से लौटे हैं या विदेश से आये लोगों के संपर्क में आए हैं।
पुलिस लाइन में बैठक कर दी जानकारी
हाथरस। पुलिस लाइन हाथरस में डॉ. डीके अग्रवाल, जिला मलेरिया अधिकारी एम जौहरी व जिला स्वास्थ्य शिक्षा सुचना अधिकारी सुचिका सहाय द्वारा सेनिटिजेशन संबंधी जागरूकता बैठक की गई। इसमें पुलिस अधिकारी व कर्मी मौजूद थे। बैठक में कोरोना को लेकर सभी को जागरुक किया गया।
नहीं लगेगा आरोग्य मेला
हाथरस। डिप्टी सीएमओ डॉ. मधुर कुमार ने बताया जनता कर्फ्यू के चलते मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला आयोजित नहीं किया जाएगा। यह मेला हर रविवार को स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित किया जाता है।