न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
खाटू श्याम सेवा समिति के बैनर तले शुक्रवार को 14वें फाल्गुन महोत्सव के तहत शहर के सादाबाद गेट स्थित अंगूमल धर्मशाला से शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु भजनों पर थिरकते हुए चल रहे थे। कई झांकियां आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। महिलाएं हाथों में खाटू श्याम बाबा के निशान और ध्वज लेकर चल रही थीं।
शोभायात्रा शहर के सादाबाद गेट, चामड़ गेट, नयागंज, मोती बाजार, लोहट बाजार, रुई की मंडी, नजिहाई बाजार, रामलीला मैदान, पंजाबी मार्केट, कमला बाजार, गड़िहाई बाजार होते हुए अंगूमल की धर्मशाला पर जाकर समाप्त हुई। शोभायात्रा में भगवान गणेश, भोलेनाथ की बरात, भगवान श्रीराधाकृष्ण, मां भगवती आदि देवी-देवताओं की मनोहारी झांकियां शामिल थीं। खाटू श्याम जी का रथ मुख्य आकर्षण रहा। शोभायात्रा का कई जगह आरती उतारकर और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। शोभायात्रा में जिला पंचायत सदस्य रामेश्वर उपाध्याय भी शामिल हुए और आयोजकों ने उनका स्वागत किया।
इस मौके पर मनीष अग्रवाल, विशाल सारस्वत, सीताराम अग्रवाल, हनी वार्ष्णेय, पिंटू अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, विनय शर्मा, बृजबिहारी अग्रवाल, धर्मेंद्र अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, दीपक वार्ष्णेय, दीपक सारस्वत, मनोज अग्रवाल राया वाले, मनीष अग्रवाल पीपा, राजकुमार राजपूत, राधेलाल मित्तल, संजय पाराशर, देवांशु अग्रवाल आदि अनेक लोग शामिल थे।