संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
विकास भवन परिसर से रहस्मयी ढंग से गायब हुए अवर अभियंता विपिन कुमार शनिवार को मथुरा में मिले हैं। मथुरा में लोकेशन मिलने की सूचना पर अधिकारियों ने विभागीय गाड़ी से परिजनों को मथुरा भेज कर अवर अभियंता से संपर्क किया। एक्सईएन जल निगम ग्रामीण मोहम्मद इमरान ने बताया कि अवर अभियंता की अपने परिजनों से मुलाकात हो गई है। अभी कार्यालय से अचानक जाने की कोई वजह सामने नहीं आ सकी है।
उल्लेखनीय है कि अलीगढ़ के गांधीनगर निवासी 50 वर्षीय विपिन कुमार यहां जल निगम में सहायक अभियंता के रूप में कार्यरत हैं। वह रोजाना अलीगढ़ से ही विकास भवन स्थित निगम के कार्यालय पर ड्यूटी करने के लिए आते हैं। मंगलवार को भी वह अलीगढ़ से विकास भवन स्थित कार्यालय आए।
दोपहर दो बजे के बाद उनका कुछ पता नहीं चला। उनका फोन और बैग भी कार्यालय में ही मिला। जब अन्य कर्मचारियों व अधिकारियों को वह नहीं मिले तो इसकी जानकारी उनके परिजनों को दी। उनकी पत्नी अर्चना सिंह ने उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई है।
उनकी पत्नी के अनुसार पिछले दिनों वो जबलपुर से ट्रेन से आगरा के लिए निकलने की बात भी सामने आई थी लेकिन उनका लोकेशन ट्रेस नहीं हो सका था। शनिवार को मथुरा में अवर अभियंता की परिजनों से मुलाकात हो गई है। अवर अभियंता के मिलने के बाद विभागीय अधिकारियों ने राहत की सांस ली है।