न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक हृयूमन राइट्स के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण वार्ष्णेय ने जिलाधिकारी को मथुरा रोड पर हो रहे गड्ढों के संबंध में ई मेल भेजकर शिकायत की है। उन्होंने इन गड्ढों को जल्द से जल्द भरवाने की मांग की है।
पत्र में प्रवीण वार्ष्णेय ने कहा है कि मथुरा रोड पर लॉर्ड कृष्णा स्कूल से सुंदर बाग गेस्ट हाउस तक सड़क में गहरे-गहरे गड्ढे हो गए हैं। इनमें फंसकर आए दिन गाड़ियां दुर्घटनाग्रस्त हो रही हैं। इन गड्ढों से गंभीर हादसा भी हो सकता है। वर्षा ऋतु में बारिश के पानी से यह गड्ढे और भी गहरे हो जाएंगे।
इस सड़क पर कलेक्ट्रेट, जिलाधिकारी आवास, पुलिस अधीक्षक आवास, विकास भवन आदि जिले के प्रमुख कार्यालय हैं। सांसद, विधायक, नगर पालिका अध्यक्ष, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी व जिले के तमाम अधिकारी इस सड़क से होकर गुजरते हैं। इसके बावजूद इन गड्ढों को भरवाने पर किसी ने ध्यान नहीं दिया है। उन्होंने सड़क को गड्ढामुक्त कराने के लिए अभियान चलाने की मांग की है, ताकि आम लोगों को आवागमन में सहूलियत मिल सके।