न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहपऊ (हाथरस)
क्षेत्र के एक गांव की महिला ने कोतवाली में तहरीर देकर गांव के ही एक युवक पर तमंचे के बल पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला ने एक अन्य युवक पर आरोपी की मदद करने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला ने ग्राम प्रधान पति की मिलीभगत की बात कहते हुए मामले में लीपापोती करने का आरोप लगाया है।
पीड़ित महिला ने बताया कि 15 जुलाई की रात गांव के दो युवक उसे तमंचे के बल पर जबरन उठाकर खेत में ले गए और उसके साथ दुष्कर्म की। इस दौरान दूसरा युवक हाथ में तमंचा लेकर उसे धमकाता रहा। जब उसके पति ने चिल्लाने की आवाज सुनी तो वे दौड़ कर आए। तब तक दोनों भाग गए। महिला ने बताया कि दोनों ने जाते-जाते उसे व उसके पति को धमकी दी कि अगर वह किसी को भी ये बात बताएगी तो उसे जान से मार देंगे।
महिला का आरोप है कि जब वह मामले की शिकायत के लिए कोतवाली गई तो दरोगा ने फटकार कर भगा दिया। ग्राम प्रधान पति की मिलीभगत से पुलिस ने दोनों आरोपियों को शांति व्यवस्था भंग करने में जेल भेज कर खानापूर्ति कर दी। महिला का कहना है कि उसने एसपी व मुख्यमंत्री को भी शिकायत पत्र भेजे लेकिन, कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब सांसद राजवीर सिंह दिलेर के फोन करने के बाद कोतवाली में तहरीर ली गई है। इस मामले में प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सत्य प्रकाश का कहना है कि तहरीर मिल चुकी है। मैं स्वयं इस मामले की जांच कर रहा हूं। यदि दुष्कर्म की घटना सही है तो दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।