न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
विकास भवन सभागार में शासन की प्राथमिकताओं वाले कार्यों में अपेक्षित प्रगति न होने व मेरा गांव स्वच्छ गांव अभियान को लेकर ब्लॉक मुरसान व सासनी के एडीओ पंचायत व ग्राम पंचायत सचिवों के साथ डीपीआरओ बनवारी सिंह ने बैठक की। बैठक में शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही गैरहाजिर रहे एडीओ पंचायत सासनी फौरन सिंह, सचिव ग्राम पंचायत अजीत सिंह, मानवेंद्र, शिव कुमार एवं मनोज का वेतन रहित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सामुदायिक शौचालयों को क्रियाशील करते हुए स्वयं सहायता समूह को हस्तांतरित कर उनको शासन के द्वारा की गई व्यवस्थानुसार धनराशि तीन दिवस में भुगतान करने, पूर्ण सामुदायिक शौचालय में विद्युत कनेक्शन कराते हुए रनिंग वॉटर एवं प्रकाश की व्यवस्था कराए जाने के निर्देश दिए गए। सचिव ग्राम पंचायत द्वारा स्वयं सहायता समूह को भुगतान किए जाने की बात पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने दूरभाष के माध्यम से इसकी पुष्टि भी की।
विकास खंड हाथरस की ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन की प्रगति सबसे खराब पाई गई। डीपीआरओ ने समस्त सचिव ग्राम पंचायत को पंचायत भवन निर्माण 30 जून तक पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए गए। डीपीआरओ ने समस्त सचिवों से मेरा गांव स्वच्छ गांव अभियान के संबंध में कंपोस्ट पिट, सोख्ता गड्ढा, प्लास्टिक अपशिष्ट संग्रहण एवं साफ-सफाई के लिए पर्याप्त मात्रा में जेसीबी, ट्रैक्टर एवं ट्रॉली लगाकर ग्राम वार कार्ययोजना के संबंध चर्चा की।