हाथरस : गैस एजेंसी संचलकों की बैठक लेते डीएसओ। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद में संचालित सभी गैस एजेंसियों के संचालकों के साथ जिला पूर्ति अधिकारी एसपी शाक्य ने बैठक की। जनपद में प्रचलित उज्ज्वला/घरेलू/व्यावसायिक गैस कनेक्शनों, हॉकर्स को एजेंसी द्वारा जारी किए गए पहचान पत्र, ड्रेस एवं गैस तुलाई मशीन एवं गैस वितरण के संबंध में प्राप्त हो रही शिकायतों की समीक्षा की गई। गैस एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया गया कि उनके यहां लंबित उज्ज्वला योजना हेतु गैस कनेक्शनों के आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। समीक्षा में पाया गया कि जनपद में प्रचलित अधिकतर व्यावसायिक गैस कनेक्शन धारकों द्वारा गैस रिफिल न कराने के कारण गैस कनेक्शन निष्क्रिय हो गए हैं।
डीएसओ ने सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों से अपील की है कि वह व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर घरेलू गैस सिलेंडर का प्रयोग न करें। यदि जनपद के किसी भी प्रतिष्ठान पर घरेलू गैस सिलेंडर का प्रयोग होता पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। गैस वितरकों को निर्देश दिए गए कि घरेलू गैस की शत-प्रतिशत होम डिलीवरी की जाए और निर्धारित मूल्य पर ही गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराया जाए।
यदि किसी उपभोक्ता से निर्धारित मूल्य से अधिक मूल्य लिए जाने की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधी गैस एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। गैस एजेंसी संचालकों को यह भी निर्देश दिए गए कि उनके हॉकर्स क्षेत्र में गैस वितरण करते समय ड्रेस में हों तथा गैस एजेंसी द्वारा जारी किया गया पहचान पत्र व तुलाई मशीन अवश्य हो, जिससे उपभोक्ता गैस सिलेंडर को तौल सकें। संवाद