न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
क्षेत्र में सुख और संपन्नता की कामना के साथ रविवार को दूसरे दिन भी श्रीबलभद्र महायज्ञ में यज्ञाचार्य पं. उपेंद्रनाथ चतुर्वेदी व उनकी टीम ने मंत्रोच्चारण के बीच आहुतियां दिलाईं। श्रद्धालुओं ने यज्ञ स्थल पर बनीं वेदियों की परिक्रमा भी की। पूरा वातावरण दाऊ बाबा और रेवती मैया के जयकारों से गूंजता रहा।
यज्ञाचार्य श्री चतुर्वेदी ने बताया कि अगर आप भाव के साथ बृज के राजा बलभद्र के महायज्ञ की परिक्रमा करेंगे तो आपके विचलित ग्रह शांत होंगे। घर-परिवार में संपन्नता का माहौल बनेगा। उन्होंने यह भी बताया कि यज्ञ में पूर्ण आहुति तक सुबह और शाम यज्ञ कुंड की परिक्रमा लगेगी। आपके घर-परिवार से एक भी सदस्य यज्ञ स्थल पर पहुंचकर परिक्रमा लगाता है तो निश्चित तौर पर आपको कर्मानुसार लाभ की प्राप्ति होगी। श्री बलभद्र महायज्ञ में हर रोज मंत्रोच्चारण के बीच आहुतियां दी जाएंगी। 10 मार्च को शाम को चार बजे पूर्णाहुति होगी।
इस मौके पर यज्ञाचार्य उपेंद्रनाथ चतुर्वेदी, नगर पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा, अतुल आंधीवाल एडवोकेट, गौरव अग्रवाल, शरद अग्रवाल, श्याम, सचिन अग्रवाल, गोपेश्वर चतुर्वेदी , रामकृष्ण शास्त्री, पुलकित वेदपाठी, माधव शास्त्री, संजय दीक्षित एडवोकेट, राजेंद्रनाथ चतुर्वेदी, मदनगोपाल वार्ष्णेय, कन्हैया राजपूत, सुनील अग्रवाल, बांकेबिहारी, डॉ. मुकेश, श्रीकिशन वैद्य, ऋषि अग्रवाल, हरीबल्लभ, हरिओम मुसीद, अजय गौतम आदि थे। संवाद