चोरी के जेवरों की खरीद के शक में सराफों के यहां दबिश
फरीदाबाद निवासी किशोरी को बहला-फुसलाकर लाए युवकों ने बेचे हैं सिकंदराराऊ में जेवर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, (सिकंदराराऊ) हाथरस
सिकंदराराऊ (हाथरस)। हरियाणा के फरीदाबाद शहर की पुलिस ने गुरुवार को नगर में कई सराफा कारोबारियों के यहां दबिश दी। पुलिस को यहां चोरी का जेवर बिकने का संदेह था। हालांकि पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा, लेकिन पुलिस दो आरोपियों को अपने साथ ले गई।
फरीदाबाद पुलिस के कर्मी मनोज कुमार बद्री प्रसाद ने बताया कि दो युवक फरीदाबाद की किशोरी को कुछ समय पूर्व बहला-फुसलाकर ले गए थे। आरोप है कि लड़की अपने साथ काफी जेवर ले गई थी। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया था।
उनसे जेवरों के बारे में पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने ये जेवरात सिकंदराराऊ निवासी अपने किसी रिश्तेदार को दिए थे। उसने ये जेवर कस्बे के किसी सराफ के यहां बेचे थे। दोनों गिरफ्तार युवकों को लेकर पुलिस कस्बे के बाजार के चक्कर लगाती रही, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई सफलता नहीं मिल पाई।