महिलाओं ने पुलिस से अपराधी को छुड़ाकर भगाया, पुलिस ने नोकझोंक
बिसावर चौकी प्रभारी से महिलाओं ने की अभद्रता
अपराधियों की तस्दीक करने का अभियान चला रही थी पुलिस
चौकी पर अपराधी युवक को पूछताछ के लिए ले जाए के दौरान बिगड़ीं महिलाएं
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
सादाबाद (हाथरस)। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कस्बा बिसावर में रविवार को पुलिस जब एक अपराधी युवक की तस्दीक करने पहुंची तो वहां पुलिस और महिलाओं के बीच जमकर नोकझोंक हुई। महिलाओं ने बिसावर चौकी प्रभारी से अभद्रता भी की, जिसके बाद वहां हंगामा हो गया। महिलाओं ने बिसावर चौकी प्रभारी व अन्य पुलिस कर्मियों के साथ अभद्रता की और अपराधी को वहां से भगा दिया।
सूचना मिलने पर मौके पर कोतवाल जगदीशचंद्र, सीओ योगेश कुमार और सादाबाद- सहपऊ थाने की पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों पर शांतिभंग की कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जगदीशचंद्र ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर सादाबाद क्षेत्र में अपराधियों की तस्दीक की जा रही है। तस्दीक के दौरान देखा जा रहा है कि अपराधी क्या कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कस्बा बिसावर निवासी एक युवक जो कि लूट के कई मामलों में संलिप्त रह चुका है और जेल भी जा चुका है। वह करीब पांच-छह माह पहले ही जेल से छूटकर आया है।
अभियान के तहत जब बिसावर चौकी प्रभारी प्रमोद शर्मा पुलिस कर्मियों के साथ इस अपराधी के घर के पहुंचे और पूछताछ के लिए उसे चौकी पर ले जाने लगे तो इसी दौरान वहां इस युवक की पत्नी व अन्य कई महिलाएं आ गईं। इन महिलाओं ने चौकी प्रभारी और पुलिस कर्मियों से अभद्रता करते हुए युवक को छुड़ा लिया, जिसके बाद युवक वहां से फरार हो गया।
तीन महिलाओं और एक युवक को भेजा जेल
इधर, कोतवाली प्रभारी जगदीशचंद्र मौके पर पहुंचे और वहां हंगामा और अभद्रता करने वाले लोगों के साथ सख्ती की। मौके से तीन महिलाओं और एक युवक को हिरासत में ले लिया गया। बाद में मौके पर सीओ योगेश कुमार और सहपऊ पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस अफसरों ने घटना के संबंध में जानकारी ली। बिसावर चौकी प्रभारी प्रमोद शर्मा ने बताया कि बिसावर क्षेत्र में अपराधियों को पनपने नहीं दिया जाएगा। अब जल्द ही कुछ और कड़े कदम उठाए जाएंगे। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जगदीशचंद्र ने बताया कि पुलिस कर्मियों से अभद्रता करने के मामले में बिसावर की तीन महिलाओं और एक युवक के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की गई है, इन चारों को जेल भेज दिया गया है। फरार अपराधी युवक की तलाश की जा रही है।