हाथरस: शहर में चेकिंग करती बिजली विभाग की टीम।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शनिवार को बिजली चेकिंग टीम ने एक परिसर अवैध रूप से संचालित ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन पकड़ा। इसके अलावा 11 स्थानों पर कटिया डालकर बिजली चोरी के मामले पकड़े। चेकिंग टीम को देखकर बकायेदारों व बिजली चोरों में खलबली मची रही।
उल्लेखनीय है कि शहर में करीब तीन हजार ई-रिक्शा संचालित हो रहे हैं। इन ई-रिक्शों को घरेलू कनेक्शन से ही चार्ज किया जा रहा है। इससे बिजली महकमे को आर्थिक नुकसान हो रहा है। इसको ध्यान में रखते हुए शनिवार को एक्सईएन सुभाष चंद्रा के निर्देश पर एसडीओ एसएन पांडेय के नेतृत्व में नाई का नगला, विजयनगर, गली गंगाघर आदि स्थानों पर सुबह बिजली चेकिंग की गई।
टीम को अवैध रूप से एक स्थान पर छह ई-रिक्शे चार्ज होते हुए मिले। इसके अलावा टीम ने अलग अलग घरों में चेकिंग करते हुए 11 लोगों के यहां चोरी पकड़ी। इन सभी के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इस मामले में एसडीओ एसएन पांडेय का कहना है कि एक परिसर में छह ई-रिक्शा चार्ज हो रहे थे। इसके अलावा 11 लोगों के यहां बिजली चोरी पकड़ी है।