न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले के कई विद्यालयों ने अभी हाई स्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों के फोटो अपलोड नहीं कराए हैं। कुछ ऐसे फोटो अपलोड कराए हैं, जो स्पष्ट नहीं हैं। वहीं कुछ दिव्यांग परीक्षार्थियों के दिव्यांगता प्रमाणपत्र भी अपलोड नहीं किए हैं। इसे लेकर माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव ने जिले के यूपी बोर्ड के सभी प्रधानाचार्यों को पत्र लिखा है।
इसमें कहा गया है कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में पंजीकृत सभी परीक्षार्थियों के फोटो अपलोड करें। जो परीक्षार्थी दिव्यांग हैं, उनके दिव्यांगता प्रमाणपत्र परिषद की वेबसाइट पर अपलोड कराएं। यदि सात मार्च तक इसे अपलोड नहीं कराया गया तो इन परीक्षार्थियों का प्रवेश पत्र मुद्रित नहीं हो सकेगा।
इसके लिए यह प्रधानाचार्य और उनका संस्थान ही जिम्मेदार होगा। परिषद के निर्देशों की अवहेलना करने पर इन विद्यालयों को काली सूची में डाल दिया जाएगा और साथ ही विद्यालय की मान्यता प्रत्याहरण की कार्रवाई भी की जाएगी। संवाद