हाथरस : शहर के एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारती सहायक आयुक्त औषधि की टीम। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सहायक आयुक्त औषधि के निर्देशन में सोमवार को टीमों ने जिले के कई नर्सिंग होम में संचालित हो रहे मेडिकल स्टोरों पर छापा मारा। टीमों को इन मेडिकल स्टोरों पर काफी दवाएं बिना बिलों के मिलीं। अन्य कमियां भी मिलीं। लिहाजा टीम ने 20 प्रकार की दवाओं की बिक्री पर रोक लगा दी और नोटिस देकर विक्रेताओं से जवाब भी मांगा है। कुछ दवाओं के नमूने भी लिए हैं। कार्रवाई से दवा विक्रेताओं में खलबली मची रही।
अलीगढ़ मंडल के सहायक आयुक्त औषधि पूरन चंद के निर्देशन में औषधि निरीक्षक दीपक कुमार हाथरस, औषधि निरीक्षक कासगंज रमेश चंद्र यादव और औषधि निरीक्षक अलीगढ़ हेमेंद्र चौधरी की टीम ने जिले के नर्सिंग होम में संचालित हो रहे मेडिकल स्टोरों पर छापा मारा। टीम ने डॉ. निर्मला यादव नर्सिंग होम पुराना मिल कंपाउंड में संचालित मेडिकल स्टोर, श्रीराम हॉस्पिटल अलीगढ़ रोड और नगर पालिका मार्केट में श्रेष्ठा क्लीनिक स्थित मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। मेडिकल स्टोरों में काफी दवाएं बिना बिलों के दवाइयां पाई गईं। मेडिकल स्टोर द्वारा मरीजों को बिल नहीं दिया जाना भी पाया गया। कुछ दवाएं जो फ्रिज में होनी चाहिए, वह फ्रिज में नहीं मिलीं।
इन कमियों और करीब 20 प्रकार की दवाओं के खरीद बिल प्रस्तुत न किए जाने पर इन 20 प्रकार की दवाओं की बिक्री पर रोक लगाई गई। डॉ. निर्मला यादव के अस्पताल में संचालित मेडिकल स्टोर से पांच दवाओं, श्रीराम हॉस्पिटल से सर्दी की दवाओं के चार दवाओं, श्रेष्ठा क्लीनिक से चार दवाओं के नमूने लिए गए। ड्रग इंस्पेक्टर (डीआई) दीपक कुमार ने बताया कि सहायक आयुक्त द्वारा मंडल स्तर से नोटिस जारी किए जाने की संस्तुति की गई है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। संवाद