हाथरस: मान्यता प्राप्त विद्यालय संचालन एकता संगठन के पदाधिकारियों स्वागत करते संचालक।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
मान्यता प्राप्त विद्यालय संचालक एकता संगठन की बैठक जीपीएस इंटरनेशनल स्कूल में सोशल डिस्टेंसिंग के साथ हुई। बैठक की अध्यक्षता रामेश्वर सारस्वत ने की। इसमें संगठन की कार्यकारिणी का गठन किया गया। इस मौके पर अभिभावकों द्वारा फीस न जमा करने पर चिंता जताई गई।
इस कार्यकारिणी में राजेश चौधरी अध्यक्ष, अजय गौड़ व नवीन शर्मा उपाध्यक्ष, गौरव अग्रवाल सचिवि, प्रदीप शर्मा व आलोक वार्ष्णेय उप सचिव, रामेश्वर सारस्वत कोषाध्यक्ष व मीतेश वार्ष्णेय को मीडिया प्रभारी चुना गया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि विद्यालय में पढ़ाने वाले शिक्षकों की स्थिति दयनीय है। स्कूलों का स्टाफ भी भुखमरी के कगार पर है। शासन के शिक्षण शुल्क जमा करने के आदेश के बाद भी सक्षम अभिभावक विद्यालय का शुल्क जमा करने के लिए तत्पर नहीं हैं।
वह स्कूल प्रबंधन से भी संपर्क नहीं कर रहे। जबकि अप्रैल माह से लगातार ऑनलाइन क्लासेज चल रही हैं। वक्ताओ ने कहा कि यदि यही स्थिति रही तो स्कूल संचालक ऑनलाइन क्लासेज चलाने में असमर्थ होंगे। इस मौके पर फैसला लिया गया कि इसे लेकर बीएसए को ज्ञापन दिया जाएगा। इस मौके पर सत्यप्रकाश सारस्वत, बकुल अग्रवाल, संजय कौशिक, धर्मेंद्र सिंह राना, देवेंद्र सिंह, कमल गुप्ता, जितेंद्र सिंह, मनमोहन, गुरुदयाल आदि मौजूद थे।