हाथरस : कोरोना को लेकर सिटी रेलवे स्टेशन पर जांच करती टीम। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए विदेश से आने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है। अब विदेश से लौटे एक दंपती को होम आइसोलेट किया गया है। अभी तक विदेश से लौटे 53 लोगों की आरटीपीसीआर जांच कराई जा चुकी है। गनीमत यह है कि किसी की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई है। इधर, कुछ सार्वजनिक स्थलों पर कोविड हेल्प डेस्क फिर से नजर आई।
कोरोना के नए स्वरूप ओमिक्रॉन का खतरा बरकरार है। हालांकि जिले में कोई केस नहीं आया है, फिर भी विदेश से आने वाले लोगों पर पैनी निगाह रखी जा रही है। अब शहर में अरब अमीरात से लौटे एक दंपती को होम क्वारंटीन किया गया है। विदेश से लौटे लोगों को होम आइसोलेट कर जांच कराई जा रही है। अब तक 53 लोगों की जांच कराई जा चुकी है। संवाद
किशोरों को टीका लगाने की तैयारी तेज
हाथरस। शासन से जिले के स्वास्थ्य महकमे को 15 से 18 वर्ष तक के किशोरों को टीकाकरण के लिए भी गाइडलाइन मिल गई है। यह टीकाकरण कार्यक्रम 3 जनवरी से प्रस्तावित है। इसके लिए विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। वहीं हेल्थ वर्कर व 60 वर्ष की आयु से ऊपर के वृद्ध बीमार लोगों को तीसरी डोज लगाने के लिए भी शासन से गाइडलाइन मिली है। इसे भी अमलीजामा पहनाने की तैयारी तेज हो गई है। सीएमओ का कहना है कि सबसे पहले बीएसए व डीआईओएस से इस आयु वर्ग के विद्यार्थियों की सूची प्राप्त की जाएगी। इसे लेकर तैयारी की जा रही है। संवाद